कोरोना के मामलों में मामूली गिरावट, 24 घंटों में मिले 19406 नए केस, 19928 मरीज ठीक
देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच शनिवार को मरीजों की संख्या में मामूली गिरावट दर्ज की गई।
नई दिल्ली, 6 अगस्त: देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच शनिवार को मरीजों की संख्या में मामूली गिरावट दर्ज की गई। कोरोना वायरस से जुड़े आंकड़े जारी करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोविड संक्रमण के 19406 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इस दौरान 19928 मरीज ठीक हुए हैं। इससे पहले शुक्रवार को कोरोना वायरस के नए मामलों की संख्या 20551 थी। हालांकि राहत की सबसे बड़ी बात यह है कि कोरोना वायरस से सक्रमित मरीजों का रिकवरी रेट एक बार फिर से बढ़ा है।

Recommended Video
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, मरीजों का रिकवरी रेट बढ़ने से देश में कोरोना वायरस के एक्टिव केस घटकर 1,34,793 हो गए हैं। वहीं, इस समय देश में कोरोना वायरस का दैनिक पॉजिटिविटी रेट 4.96 फीसदी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना महामारी शुरू होने के बाद से अभी तक कुल 43465552 मरीज ठीक हुए हैं। इसके अलावा अभी तक 526649 लोगों की मौत कोरोना वायरस की वजह से हो चुकी है।
देशभर में जारी है टीकाकरण अभियान
वहीं, देश में कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहा है और अभी तक वैक्सीन की कुल 2,05,92,20,794 डोज दी जा चुकी हैं। इनमें से 32,73,551 डोज पिछले 24 घंटों के भीतर दी गई हैं।
दिल्ली में 2000 से ऊपर कोरोना मरीजों की संख्या
आपको बता दें कि कोरोना वायरस के मामलों में देशभर में एक बार फिर से तेजी आई है। देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 2419 नए मामले दर्ज किए गए, जो पिछले 6 महीनों के भीतर सबसे बड़ी संख्या है। इसके अलावा शुक्रवार को दिल्ली में कोरोना वायरस की वजह से 2 लोगों की मौत हुई। दिल्ली में ये लगातार तीसरा दिन रहा, जब कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 2000 से ऊपर पहुंची। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि देश में कोरोना वायरस के मरीज बढ़े हैं, लेकिन मरीजों में संक्रमण के लक्षण हल्के हैं।












Click it and Unblock the Notifications