फिर बढ़ा कोरोना का खतरा, 24 घंटों में मिले 18987 मरीज, 246 लोगों की मौत
लगातार दूसरे दिन बढ़े कोरोना वायरस के मामलों ने सरकार की चिंता को बढ़ा दिया है।
नई दिल्ली, 14 अक्टूबर: कोरोना वायरस के दैनिक मामलों और मौतों की संख्या में लगातार दूसरे दिन बढ़ोत्तरी हुई है और नए मरीजों की संख्या 18 हजार से ऊपर दर्ज की गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 18987 नए मामले मिले हैं, जबकि 246 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा बीते एक दिन मे कोरोना वायरस के 19808 मरीज ठीक भी हुए हैं। इन नए आंकड़ों के साथ देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 3,40,20,730 और मृतकों की संख्या 4,51,435 हो गई है।
Recommended Video

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बीते एक दिन के अंदर कोरोना वायरस के मामलों में यह सीधे तौर पर 20 फीसदी का इजाफा है। हालांकि, दैनिक मामलों में बढ़ोत्तरी के बावजूद, राहत की एक बड़ी बात यह है कि कोरोना वायरस से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अभी तक देशभर में कोरोना वायरस के कुल मरीजों में से 3,33,62,709 मरीज ठीक हो चुके हैं।
एक्टिव मामले घटकर हुए 2,06,586
वहीं, रिकवरी रेट बढ़ने की वजह से कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में भी कमी आई है और फिलहाल यह आंकड़ा घटकर 2,06,586 हो गया है। इसके अलावा देशभर में चल रहे टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोरोना वायरस वैक्सीन की कुल 96,82,20,997 डोज दी जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इनमें से 35,66,347 टीके पिछले 24 घंटों के भीतर लगाए गए हैं।
केरल में हालात फिर से चिंताजनक, मिले 11000 से ज्यादा केस
आपको बता दें कि कोरोना वायरस के दैनिक मामले अभी भी केरल में ही सबसे ज्यादा हैं। केरल में बीते एक दिन में कोरोना वायरस 11079 केस मिले हैं। केरल के अलावा जिन चार राज्यों में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मरीज मिले हैं, उनमें महाराष्ट्र (2,219 केस), तमिलनाडु (1280 केस), मिजोरम (1028 केस) और पश्चिम बंगाल (771 केस) शामिल है। वहीं, पिछले 24 घंटों के भीतर केरल में कोरोना वायरस की वजह से 123 लोगों की मौत हुई।












Click it and Unblock the Notifications