कोरोना के मामलों में राहत जारी, पिछले 24 घंटों में मिले 18132 नए मरीज, 21563 ठीक
कोरोना वायरस के दैनिक मामलों और मौतों की संख्या में गिरावट रिकॉर्ड की गई है।
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर: कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में एक बार फिर से गिरावट दिखी है और नए केस 20 हजार से नीचे दर्ज किए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने सोमवार को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर कोरोना वायरस के 18,132 नए केस मिले हैं, जबकि 21,563 मरीज ठीक हुए हैं। इसके अलावा बीते एक दिन में कोरोना वायरस की वजह से 193 लोगों की मौत हुई है। हालांकि राहत की एक बड़ी बात यह है कि कोरोना वायरस से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ने से एक्टिव केस लगातार घट रहे हैं और फिलहाल यह आंकड़ा 2,27,347 पर आ गया है।
Recommended Video

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देशभर में अभी तक कोरोना वायरस से कुल 3,32,93,478 मरीज ठीक हो चुके हैं और एक्टिव मामलों की संख्या कुल मामलों से 1 फीसदी से भी कम बची है। इस समय देश में कोरोना वायरस के मरीजों का रिकवरी रेट 98 फीसदी है, जो अभी तक का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। वहीं, अलग-अलग राज्यों में चल रहे टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कोरोना वायरस वैक्सीन की कुल 95,19,84,373 डोज दी जा चुकी हैं।
केरल में हालात अभी भी चिंताजनक
हालांकि, देशभर में घट रहे कोरोना वायरस के मामलों के बीच केरल में हालात अभी भी चिंताजनक बने हुए हैं। पिछले 24 घंटों में मिले कुल 18,132 मामलों से 10,691 मरीज अकेले केरल से ही हैं। इसके अलावा केरल में बीते एक दिन में कोरोना वायरस की वजह से 85 लोगों की जान गई है।
त्यौहारी सीजन को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय अलर्ट
आपको बता दें कि कोरोना वायरस के घटते मामलें के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने त्यौहारी सीजन के दौरान लोगों से विशेष एहतियात बरतने की अपील की है। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्रालय ने 'मिशन 100 डे' नाम से एक अभियान भी शुरू किया है, जिसका मकसद त्यौहारी सीजन में लोगों को कोरोना के खतरे के प्रति आगाह करना होगा। दरअसल स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि त्यौहारी सीजन में सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की भारी भीड़ जुटती है, जिसमें कोरोना के संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications