नहीं थम रही कोरोना वायरस की रफ्तार, पिछले 24 घंटों में मिले 17921 नए मरीज
राहत की बात ये है कि पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 20652 मरीज ठीक भी हुए हैं।
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस का संक्रमण फिलहाल थमता हुआ नजर नहीं आ रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना वायरस के 17921 नए मरीज मिले हैं। साथ ही इस दौरान 133 मरीजों की मौत कोरोना वायरस के कारण हुई है। नए मरीज मिलने के बाद देश में कोरोना वायरस के केस बढ़कर 1,12,62,707 और मृतकों की संख्या 1,58,063 हो गई है। हालांकि राहत की बात ये है कि पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 20652 मरीज ठीक हुए हैं और रिकवर मरीजों की संख्या बढ़कर 1,09,20,046 हो गई है।
Recommended Video

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि ठीक हुए मरीजों के बाद देश में एक्टिव केस फिलहाल 1,84,598 ही बचे हैं। गौरतलब है कि कोरोना वायरस के खिलाफ इस समय देशभर में टीकाकरण अभियान का दूसरा चरण भी चल रहा है। दूसरे चरण में 60 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों और 45 साल से ज्यादा उम्र के उन लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी जा रही है, जो गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं। कोरोना टीकाकरण के दूसरे चरण में अभी तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन सहित कई मंत्री वैक्सीन की पहली डोज ले चुके हैं।
महाराष्ट्र ने बढ़ाई सरकार की चिंता
आपको बता दें कि हाल के दिनों में महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़े हैं। एशिया के सबसे बड़े स्लम धारावी सहित मुंबई में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले ना केवल राज्य की उद्धव सरकार, बल्कि केंद्र सरकार की चिंता भी बढ़ा रहे हैं। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार ने हाल ही में स्वास्थ्य विशेषज्ञों की एक टीम महाराष्ट्र भेजी है, जो स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर संक्रमण पर काबू पाने का प्रयास कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications