INDIA गठबंधन के 20 सांसदों का डेलिगेशन आज जाएगा मणिपुर, देखें पूरी लिस्ट, सभी की प्रतिक्रिया भी आई सामने
विपक्षी पार्टियों का नया गठबंधन I.N.D.I.A की आज बैठक हुई। मणिपुर मुद्दों को लेकर यह बैठक हुई। इसमें फैसला लिया गया कि I.N.D.I.A पार्टी के 20 सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल मणिपुर जाएंगे।
कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने कहा कि आज I.N.D.I.A की बैठक में पार्टियों ने 20 सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल मणिपुर भेजने का फैसला किया है।

राज्यपाल से भी मिलेंगे प्रतिनिधिमंडल
सैयद नसीर हुसैन ने कहा कि 29 और 30 जुलाई तक प्रतिनिधिमंडल मणिपुर में रहेंगे। कल भारत गठबंधन का एक प्रतिनिधिमंडल मणिपुर के पहाड़ी और घाटी क्षेत्र में हिंसा प्रभावित राहत शिविरों में जाएगा। हम एक संदेश के साथ जा रहे हैं कि हम उनके साथ खड़े हैं और हम क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए अपनी क्षमता से सब कुछ करेंगे। शुक्रवार सुबह 10 बजे I.N.D.I.A गठबंधन के सांसद राज्यपाल से मिलेंगे।
क्या बोले आरजेडी सांसद मनोज झा
I.N.D.I.A पार्टी के प्रतिनिधिमंडल में शामिल राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि हम प्रधानमंत्री को बताना चाहते हैं कि जो आपको और आपकी टीम को करना चाहिए था वो कोशिश हम कर रहे हैं। एक छोटी सी ख्वाहिश लेकर जा रहे हैं कि मणिपुर के लोगों के दर्द को समझ पाएं और जब प्रधानमंत्री सदन में आएं तो उस दर्द को प्रकट कर पाएं सिर्फ यही हमारा उद्देश्य है।
सीपीआई सांसद संतोष कुमार का आया बयान
प्रतिनिधिमंडल में शामिल सीपीआई सांसद पी संतोष कुमार ने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों का एक समूह, जो I.N.D.I.A का हिस्सा हैं, कल मणिपुर जाएंगे। यह दो दिवसीय यात्रा होगी और हम यथासंभव अधिक से अधिक शिविरों और प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने का प्रयास करेंगे। यह यात्रा यह संदेश देने के लिए है कि टीम I.N.D.I.A सिर्फ चुनाव के लिए एक गठबंधन नहीं है, बल्कि यह लोगों की आवाज़ उठाने के लिए एक गठबंधन है।
कांग्रेस सांसद फूलोदेवी ने दी प्रतिक्रिया
वहीं, कांग्रेस सांसद फूलोदेवी नेताम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता इस मुद्दे पर असंवेदनशील हैं। अगर वे (सांसद रवि किशन) संवेदनशील होते तो इस तरह की बात नहीं करते। मणिपुर में दिल दहलाने वाली घटना हुई उस पर भाजपा नेता चुप हैं। स्मृति ईरानी ने संसद में दहाड़ कर बलात्कारियों को फांसी की सज़ा देने की बात कही थी। भाजपा की सभी महिला मंत्रियों को इस पर इस्तीफा दे देना चाहिए। उनको इस तरह की बातें करते हुए शर्म आनी चाहिए... हम अपनी रिपोर्ट सदन के पटल पर रखेंगे।
क्या बोले कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई
I.N.D.I.A गठबंधन प्रतिनिधिमंडल के दो दिवसीय मणिपुर दौरे से पहले कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि ईस्पीकर ने अविश्वास प्रस्ताव को स्वीकर किया है। मुझे उम्मीद है कि इसपर चर्चा जल्द शुरू होगी। यह बहुत अहम है कि हम मणिपुर की बात रखें जो प्रधानमंत्री भूल गए हैं। हम मणिपुर के लोगों की बात अच्छे से रख सकें इसिलए हम दो दिवसीय यात्रा पर मणिपुर जा रहे हैं। जहां हिंसा हुई वहां जाना मुश्किल होगा लेकिन जहां लोग शिविर में हैं, वहां जाएंगे जिससे जान सकें कि प्रशासन उनका ध्यान कैसे रख रहा है।
बैठक के बाद I.N.D.I.A गठबंधन ने सांसदों के नाम जारी किए हैं। जो मणिपुर जाएंगे।
1. अधीर रंजन चौधरी, कांग्रेस
2. गौरव गोगोई, कांग्रेस
3. राजीव रंजन (ललन) सिंह- जेडीयू
4. सुष्मिता देव, टीएमसी
5. कनिमोझी करुणानिधि,डीएमके
6. संतोष कुमार पी, सीपीआई
7. ए.ए रहीम, सीपीआई(एम)
8. मनोज कुमार झा, आरजेडी
9. जावेद अली खान, एसपी
10. महुआ माजी, जेएमएम
11. पीपी मोहम्मद फैजल, एनसीपी
12. अनिल प्रसाद हेगड़े, जेडीयू
13. ईटी मोहम्मद बशीर
14. एनके प्रेमचंद्रन, आरएसपी
15. सुशील गुप्ता, आप
16. अरविंद सावंत, शिवसेना
17. डी रविकुमार, वीसीके
18. टीटीटी, वीसीके
19. जयंत सिंह, आरएलडी
20. फूलो देवी नेतम, कांग्रेस












Click it and Unblock the Notifications