India Pakistan: उधमपुर वायुसेना स्टेशन, सांबा और अमृतसर में ड्रोन का आतंक! ब्लैकआउट के चलते वापस लौटी फ्लाइट
India Pakistan Drone Alert: भारत-पाक तनाव के बीच एक बार फिर उत्तरी भारत के आसमान पर ड्रोन मंडराने लगे हैं। उधमपुर, सांबा, जालंधर और अमृतसर जैसे संवेदनशील इलाकों में ड्रोन देखे गए हैं, जिसकी वजह से सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं। इसी बीच दिल्ली से अमृतसर जा रही इंडिगो की फ्लाइट को भी आखिरी वक्त पर वापस दिल्ली लौटना पड़ा।
उधमपुर में वायुसेना स्टेशन और उत्तरी कमान के ऊपर एक साथ करीब 15 ड्रोन देखे गए। वहीं कटरा की दिशा में 5 और ड्रोन मंडराते पाए गए। इससे पहले जालंधर के सुरनासी गांव के पास धमाकों की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद सेना तुरंत हरकत में आ गई।

पाकिस्तानी ड्रोन को भारतीय सेना ने रोके
सांबा सेक्टर में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। वहां रात के समय कई पाकिस्तानी ड्रोन को भारतीय सुरक्षा बलों ने रोक दिया। एएनआई द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में देखा गया कि आसमान में लाल धारियां बनाते हुए ड्रोन उड़ रहे थे और कुछ देर बाद जोरदार धमाके हुए। सांबा में फिलहाल स्थिति शांत है, लेकिन ब्लैकआउट अभी भी जारी है।
पंजाब के कई जिलों में ब्लैकआउट
पंजाब के कई जिलों में भी हालात तनावपूर्ण हैं। अमृतसर (Amritsar blackout), होशियारपुर, दसूहा और मुकेरियां में एहतियात के तौर पर ब्लैकआउट लागू कर दिया गया है। अमृतसर की डिप्टी कमिश्नर ने साफ कहा कि यह सिर्फ सुरक्षा के लिहाज से उठाया गया कदम है, घबराने की जरूरत नहीं है।
जालंधर के डीसी ने बताया कि सुरनासी के पास ड्रोन देखे जाने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सावधानी के तौर पर कुछ इलाकों की लाइटें बंद कर दी गई हैं। इस तरह के ब्लैकआउट का मकसद सिर्फ ड्रोन को ट्रैक और रोकने में मदद करना है।
ब्लैकआउट के चलते फ्लाइट डायवर्ट
दिल्ली से अमृतसर जा रही इंडिगो की फ्लाइट (Indigo Flight Return) भी इस वजह से प्रभावित हुई। फ्लाइट को रात 9:45 बजे अमृतसर में लैंड करना था, लेकिन ब्लैकआउट के चलते उसे डायवर्ट कर वापस दिल्ली भेज दिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने इस फैसले को यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया बताया।
ये सब घटनाएं ऐसे समय में हो रही हैं जब हाल ही में भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' (Operation Sindoor) के तहत पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर हमला किया था। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत ने बड़ी कार्रवाई की थी, जिसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए थे।
इसके बाद पाकिस्तान ने सीमा के पास ड्रोन और मिसाइलों से हमला करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सेना ने उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया। 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर पर सहमति बनी, लेकिन कुछ ही घंटों में पाकिस्तान ने उस समझौते का उल्लंघन कर दिया और ड्रोन से दोबारा हमला किया।
अब हालात फिर से नाजुक हो गए हैं, और सीमावर्ती इलाकों में हाई अलर्ट है। ऐसे में जनता को भी सतर्क रहने की जरूरत है और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करना जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications