पहलगाम हमले के बीच सरकार के निशाने पर क्यों आया BBC चैनल? कहा- 'आपकी रिपोर्टिंग पर नजर रहेगी'
BBC Pahalgam Terror Attack coverage: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर वैश्विक मीडिया आउटलेट बीबीसी (BBC) की हालिया कवरेज पर कड़ी आपत्ति जताई है। सरकार ने बीबीसी से आतंकी हमले पर रिपोर्टिंग को लेकर BBC इंडिया चीफ जैकी मार्टिन को पत्र लिखा है। सरकार ने इस पत्र में 'आतंकवादियों' को 'उग्रवादी' (मिलिटेंट्स) शब्द लिखने को लेकर आलोचना की है। सरकार ने कहा है कि सरकार अब बीबीसी की आगे की सारी रिपोर्टिंग पर नजर रखी जाएगी।
भारत सरकार ने अपने लिखे पत्र में साफ-साफ कहा है कि भारत के विदेश मंत्रालय का एक्सपी डिवीजन बीबीसी की रिपोर्टिंग पर नजर रखेगा। बीबीसी ने अपने एक समाचार लेख में, जिसका शीर्षक था ''कश्मीर में पर्यटकों पर हुए जानलेवा हमले के बाद पाकिस्तान ने भारतीयों के लिए वीजा बंद कर दिया।' इसमें पहलगाम आतंकी हमले को 'मिलिटेंट्स हमला' बताया था।

केरल भारतीय जनता पार्टी (BJP) अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स पर कहा, ''बीबीसीवर्ल्ड सहित सभी विदेशी चैनलों को यह पता होना चाहिए कि भारत में प्रसारण करने का उनका लाइसेंस एक विशेषाधिकार है और यह भारत के नियमों और कानूनों के अधीन है। अगर आप अपने पूर्वाग्रहों और पक्षपातों को आगे बढ़ाना शुरू करते हैं, तो संभावना है कि आप भारतीय दर्शकों/बाजार तक अपनी पहुंच खो देंगे।''
बीबीसी ने अपनी रिपोर्ट में क्या कहा था?
इस लेख में बीबीसी ने ये स्वीकार नहीं किया कि 22 अप्रैल को धार्मिक आधार पर हत्याएं हुई थीं। सरकार ने कहा है कि 'मिलिटेंट्' शब्द आतंकवादियों की गंभीरता को कम कर रहा है। भारत प्रमुख जैकी मार्टिन को अपनी चिंता से अवगत कराते हुए भारत सरकार ने लिखा कि रिपोर्ट में आतंकवादियों द्वारा मारे जाने से पहले लोगों से पूछे जाने वाले धर्म को कमतर करके आंका गया है।
सरकार ने चैनल से भविष्य में संवेदनशीलता को ठेस पहुंचाने से बचने को भी कहा है। सरकार ने बीबीसी से कहा कि विदेश मंत्रालय भविष्य में आतंकी हमले की बीबीसी की रिपोर्टिंग पर नजर रखेगा।
बीबीसी ने अपनी रिपोर्ट में आतंकवादियों को "उग्रवादी" और "बंदूकधारी" बताया, तथा कश्मीर को "भारत प्रशासित कश्मीर" बताया। बीबीसी की रिपोर्ट में कहा गया है, "भारत प्रशासित कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले के बाद तनाव बढ़ने पर पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की है, जिसमें 26 पर्यटक मारे गए... मंगलवार के हमले में विवादित हिमालयी क्षेत्र के एक रिसॉर्ट पहलगाम के पास पर्यटकों पर बंदूकधारियों के एक समूह ने गोलीबारी की।"












Click it and Unblock the Notifications