पाकिस्तान ने 3 दिन में 40 बार किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, भारत अब जल्द कर सकती है 'सीजफायर एग्रीमेंट' खत्म!
Ceasefire agreement (2021): जम्मू कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद से पिछले तीन दिनों में पाकिस्तानी सेना ने 40 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। पाकिस्तानी सेना ने शनिवार (26 अप्रैल) को लगातार दूसरे दिन नियंत्रण रेखा (LOC) पर कई जगहों पर गोलीबारी की है। भारतीय सेना ने रविवार (27 अप्रैल) को कहा कि पाकिस्तानी सेना ने कल रात भी एलओसी) के पार भारतीय चौकियों पर बिना उकसावे के गोलीबारी की। जिसके बाद भारतीय सैनिकों ने प्रभावी ढंग से जवाब दिया।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 नागरिकों की मौत के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच लगातार तीसरी रात गोलीबारी हुई। मामले से अवगत अधिकारियों ने दावा किया है कि इन गोलीबारी की घटनाओं से दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है, जिससे फरवरी 2021 के संघर्ष विराम समझौते यानी 'सीजफायर एग्रीमेंट' को लेकर खतरा पैदा हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक भारत जल्द ही 'सीजफायर एग्रीमेंट' को खत्म करने का फैसला लेने वाली है।

4 सालों में सबसे ज्यादा पाकिस्तानी की ओर से LoC पर की गई गोलीबारी
भारतीय सेना ने कहा, "तनाव बढ़ने के साथ ही 26-27 अप्रैल की रात को पाकिस्तान सेना की चौकियों ने नियंत्रण रेखा के पार तुतमारी गली और रामपुर सेक्टर के सामने के इलाकों में बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी। हमारे सैनिकों ने उचित छोटे हथियारों से गोलीबारी का प्रभावी ढंग से जवाब दिया है।''
हिन्दुस्तान टाइम्स के मुताबिक अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर शनिवार को बताया कि शुक्रवार रात (25 अप्रैल) को उत्तरी कश्मीर में कई भारतीय चौकियों को निशाना बनाया गया, जिससे चार सालों में सबसे व्यापक सीमा पार गोलीबारी शुरू हो गई है।
अधिकारियों ने कहा कि 2021 के संघर्ष विराम समझौते के बाद से स्थापित चैनलों के जरिए जल्दी से हल किए गए अलग-अलग कई मामलों के बाद भी वर्तमान पैटर्न में 740 किलोमीटर की सीमा के अधिकांश हिस्सों में कई चौकियों पर एक साथ गोलीबारी की गई है। 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद से पाकिस्तानी की ओर से गोलीबारी तेजी से की जा रही है। इन हालातों को देखते हुए कहा जा सकता है कि जल्द ही संघर्ष विराम समझौता रद्द किया जा सकता है।
भारतीय सेना दे रहे हैं पाकिस्तान को करारा जवाब
अधिकारियों ने बताया कि सीमा पर तैनात भारतीय सैनिकों ने उरी, तंगधार, कुपवाड़ा और गुरेज समेत सेक्टरों में रात भर संघर्ष विराम उल्लंघन का मजबूती से जवाब दिया और दुश्मन की आक्रामकता और उकसावे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उत्तरी कश्मीर के तुतमारी गली में पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा संघर्ष विराम का उल्लंघन करने के बाद ताजा उकसावे की कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने कहा, "पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई संघर्ष विराम की परीक्षा ले रही है जो कि अब तक कायम है। लेकिन अब इस पर सवालिया निशान लगा है कि क्या यह लंबे समय तक कायम रहेगा। हम किसी भी चीज के लिए तैयार हैं।"












Click it and Unblock the Notifications