राजनाथ सिंह ने चीन पर की इजरायल के रक्षा मंत्री ले. जनरल गैंट्ज से फोन पर बात
नई दिल्ली। चीन के साथ जारी टकराव के बीच ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को अपने इजरायली समकक्ष से फोन पर बात की है। इजरायल के रक्षा मंत्री लेफ्टिनेंट जनरल बेंजामिन गैंट्ज के साथ हुई इस वार्ता में राजनाथ ने लद्दाख में जारी टकराव पर बात की है। सूत्रों की मानें तो पांच मई से लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (एलएसी) पर जारी टकराव पर इस वार्ता में खासतौर पर चर्चा हुई है। दोनों देशों के बीच आने वाले दिनों संभावित स्थितियों के अलावा रक्षा उपकरणों पर भी आम सहमति बनी है।

रक्षा खरीद में तेजी लाने पर रजामंदी
दोनों रक्षा मंत्रियों के बीच जो फोन कॉल हुई, उसमें इस बात पर खासा जोर दिया गया है कि रक्षा खरीद प्रोग्राम को तेजी से आगे बढ़ाना होगा। साथ ही भारत और इजरायल के बीच रक्षा और सुरक्षा संबंधों का संपूर्ण तौर पर विस्तार करना चाहिए। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक क्षेत्रीय सुरक्षा परिदृश्य के अलावा संभावित स्थितियों पर काफी देर तक बात हुई है, खासतौर पर चीन के साथ पूर्वी लद्दाख में जारी टकराव को लेकर दोनों रक्षा मंत्रियों ने बात की है। दोनों ही यह मानते हैं कि विभिन्न प्रकार के हथियारों और गोला-बारूद की इजरायल से खरीद में और तेजी लाने की जरूरत है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि भारत ने रक्षा उत्पादन क्षेत्र में कई तरह के सुधार किए हैं।
इजरायली रक्षा मंत्री को भारत आने का न्यौता
राजनाथ ने इजरायल की कंपनियों को रक्षा उत्पादन क्षेत्र में आने का न्योता भी दिया। इजरायल से मिलिट्री हार्डवेयर की खरीद में भारत नंबर वन है। इजरायल की तरफ से भारत को कई प्रकार के वेपन सिस्टम, मिसाइल और यूएवी मिले हैं। लेकिन हमेशा इस प्रकार की डील पर सुरक्षा कारणों से बहुत ज्यादा जानकारी साझा नहीं की जाती है। रक्षा मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि राजनाथ और ले. जनरल गैंट्ज ने आपसी रणनीतिक सहयोग को लेकर संतोष जताया है। इसके अलावा रक्षा संबंधों को मजबूत करने की संभावनाओं पर भी बात की है। राजनाथ ने अपने इजरायली समकक्ष को भारत आने का निमंत्रण भी दिया है।












Click it and Unblock the Notifications