PoK में चुनावी नौटंकी पर भारत की दो टूक, पाकिस्तान से कहा- हमारा इलाका खाली करो
नई दिल्ली, 29 जुलाई: भारत ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर(पीओके) में करवाए गए चुनावों को दिखावे वाली कार्रवाई और छलावा बताया है, ताकि वह अपने अवैध कब्जे से दुनिया का ध्यान भटका सके। इसको लेकर भारत ने पाकिस्तानी अधिकारियों के सामने विरोध भी दर्ज कराया है। भारत ने पाकिस्तान से दो टूक कहा है कि वह इस इलाके को खाली कर दे, जिसपर उसने अवैध कब्जा कर रखा है। भारत ने कहा है कि पीओके में तथाकथित चुनावी प्रक्रिया का स्थानीय लोगों ने भी विरोध किया है और वे भी उसे खारिज कर चुके हैं।

पीओके में कथित चुनाव पाकिस्तानी छलावा-भारत
भारत ने आज पाकिस्तान की ओर से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में कथित चुनावी प्रक्रिया को लेकर पाकिस्तान से खुलकर विरोध जता दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा है, 'मैं पूरी तरह से स्पष्ट कर दूं। भारतीय क्षेत्र में कथित चुनाव जो कि पाकिस्तान के अवैध कब्जे में है, वह पाकिस्तान की ओर से इस अवैध कब्जे को और इन इलाकों में किए गए भौतिक बदलावों को छिपाने की कोशिश के अलावा कुछ नहीं है।' गौरतलब है कि पाकिस्तानी कब्जे वाली कश्मीर में हाल ही में करवाए गए कथित चुनावों को लेकर वहां जोरदार प्रदर्शन हो रहे हैं और चुनावों में बड़ी धांधली के भी आरोप लग रहे हैं।

'इन भारतीय क्षेत्रों पर पाकिस्तान का कोई अधिकार नहीं है'
पीओके में हुए कथित चुनावों में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने 25 सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर ली है। भारत ने पाकिस्तान की इस कार्रवाई को पूरी तरह से खारिज करते हुए उससे कहा है कि उसका उस इलाके पर कोई अधिकार नहीं है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि इस तरह की दिखावे वाली कोशिशों से पाकिस्तान न तो उसपर अपना अवैध कब्जा छिपा सकता है और न ही वह अपने मानवाधिकार के उल्लंघनों की जघन्य हरकतों को ही दबा सकता है। उन्होंने कहा है कि 'भारत ने पाकिस्तानी अधिकारियों के सामने दिखावे वाली इस प्रक्रिया के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया है, जिसका स्थानीय लोग भी विरोध कर रहे हैं और खारिज कर चुके हैं। इस तरह की प्रक्रिया से न तो पाकिस्तान की ओर से किए गए अवैध कब्जे को ही छिपाया जा सकता है और ना ही मानवाधिकार उल्लंघन के जघन्य मामलों और शोषण को और ना ही कब्जे में रखे गए इन क्षेत्रों के लोगों को आजादी देने से ही इनकार किया जा सकता है। इन भारतीय क्षेत्रों पर पाकिस्तान का कोई अधिकार नहीं है।'

हमारे सभी इलाकों को खाली करे पाकिस्तान- भारत
इतना ही नही, उन्होंने कहा है कि 'हम पाकिस्तान से कहते हैं कि वह भारत के सभी इलाकों को खाली करे, जो उसके गैर-कानूनी कब्जे में है।' गौरतलब है कि 25 जुलाई को पाकिस्तान की ओर से वहां करवाए गए चुनावों में बड़े पैमाने पर धांधली होने की खबरें हैं। पाकिस्तानी सत्ताधारी पार्टी पर चुनावी धांधली के आरोप लग रहे हैं, जिसमें स्थानीय लोगों के जख्मी होने की भी खबरें हैं। स्थानीय लोगों ने इन चुनावों के खिलाफ जबर्दस्त प्रदर्शन किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications