INDIA bloc Meet: 4 महीने बाद होगी पहली बैठक, तारीख पक्की नहीं, लेकिन ये होगा टॉप एजेंडा
INDIA bloc meaning: 28 विपक्षी दलों के इंडिया ब्लॉक की अगली बैठक 17 से 20 दिसंबर के बीच में हो सकती है, लेकिन अभी तक इसकी तारीख फाइनल नहीं है। यह बैठक करीब 4 महीने बाद होने वाली है। 6 दिसंबर को भी बैठक बुलाई गई थी, लेकिन वह रद्द करनी पड़ी थी।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अबकी बार जब विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया के सहयोगी दल मिलेंगे तो 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए सीटों के बंटावारे पर बातचीत का एजेंडा टॉप पर हो सकता है।

सीटों का बंटावारा टॉप एजेंडा- सूत्र
सूत्र ने यह भी जानकारी दी है कि हालांकि बैठक की तारीख अभी तक फाइनल नहीं की गई है, लेकिन इसकी दिसंबर के तीसरे हफ्ते में होने की संभावना है। बता दें कि इंडिया ब्लॉक में शामिल कई पार्टियां लगातार सीटों के बंटवारे पर जल्द फैसला लेने की मांग करती रही हैं।
सीट बंटवारे पर क्यों है जोर?
इन दलों का कहना है कि जल्द सीटों का बंटवारा हो जाने से उन्हें उम्मीदवार तय करने और जमीनी हालात को देखते हुए चुनाव प्रचार करने के लिए पर्याप्त समय मिल सकता है।
टीएमसी-सपा उठा रही है मुद्दा
बता दें कि समाजवादी पार्टी की ओर से भी सीटों का बंटवारा जल्द करने की मांग की जा रही है। वहीं सोमवार को जब संसद के शीतकालीन सत्र के लिए विपक्षी दलों की रणनीति बनाने के लिए जब इनके नेताओं की बैठक हुई तो तृणमूल कांग्रेस ने उस बैठक में भी विपक्षी नेताओं के बीच सीटों के बंटावारे का मुद्दा उठाया था।
इंडिया ब्लॉक के सारे नेताओं की पिछली बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को मुंबई में हुई थी। उसमें एक समन्वय समिति बनाई गई थी, जिसकी एक बैठक 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित की गई थी।
इसी में विधानसभा चुनावों के दौरान भोपाल में विपक्षी गठबंधन की पहली रैली आयोजित करने की बात कही गई थी। पटना, चेन्नई, मुंबई में भी रैलियां आयोजित होनी थी। लेकिन, कांग्रेस की मनाही के चलते भोपाल की रैली तभी कैंसिल कर देनी पड़ी थी।
हिंदी हार्ट लैंड में कांग्रेस की हार के बाद इंडिया में बदल गया है समीकरण
विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस की अनदेखी की वजह से इंडिया ब्लॉक में सुस्ती सी नजर आने लगी थी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसको लेकर कांग्रेस को घेरा भी था।
लेकिन, तब कांग्रेस उम्मीद में थी कि हिंदी भाषी तीनों राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में जीतकर वह इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस (INDIA) की स्वाभाविक नेता बन जाएगी।
इंडिया ब्लॉक में सामने आए पीएम पद के कई दावेदार!
लेकिन, अब इंडिया ब्लॉक के नेता बनने के कई दावेदार या प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार उभर आए हैं। इसमें टीएमसी नेता और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और शिवसेना (यूबीटी) के उद्ध ठाकरे भी शामिल हैं। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications