INDIA bloc में महाराष्ट्र में भी फंस गया पेच? उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने एकतरफा 23 सीटों पर किया दावा
महाराष्ट्र में भी इंडिया ब्लॉक में सीटों के बंटवारे को लेकर सहयोगी दलों में ठनने की नौबत आ सकती है। उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना ने एकतरफा राज्य की 48 लोकसभा सीटों में से 23 सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है।
शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने शुक्रवार को कहा है कि उनकी पार्टी महराष्ट्र की 48 में से 23 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जबकि, इसकी सहयोगी कांग्रेस ने कहा है कि महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के पार्टनरों के बीच सीटों के बंटवारे पर अभी प्रारंभिक बातचीत भी शुरू नहीं हुई है।

हम 23 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे- संजय राउत
महाराष्ट्र में शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और शरद पवार की अगुवाई वाली एनसीपी का एमवीए गठबंधन है, जो कि राष्ट्रीय स्तर पर इंडिया ब्लॉक का हिस्सा है। राउत ने कहा है 'हम 23 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, क्योंकि हम हमेशा से इतनी ही सीटों पर लड़ते रहे हैं।'
उद्धव की पार्टी के नेता ने कहा कि वह उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे के साथ इसी हफ्ते दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की बैठक से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से बातचीत कर चुके हैं।
राउत ने कांग्रेस और एनसीपी की सीटें नहीं बताईं
2019 के लोकसभा चुनावों संयुक्त शिवसेना बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए ब्लॉक का हिस्सा थी और 23 सीटों पर लड़कर 18 सीटों पर विजयी रही थी। हालांकि, संजय राउत ने यह नहीं बताया है कि इस चुनाव में कांग्रेस और एनसीपी कितनी सीटों पर लड़ेगी।
महाराष्ट्र भी इंडिया ब्लॉक के लिए बन सकता है मुश्किल
बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव में भी महाराष्ट्र में कांग्रेस और एनसीपी का गठबंधन था। तब कांग्रेस 25 सीटों पर और एनसीपी 19 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। बाकी सीटें कुछ छोटी पार्टियों के लिए छोड़ी गई थी।
ऐसे में जिस तरह से उद्धव की पार्टी ने 23 सीटों पर ही चुनाव लड़ने का दावा ठोका है, तो महाराष्ट्र में भी इंडिया ब्लॉक के नेताओं को सीटों का बंटवारा करने में पसीने छूट सकते हैं।
राउत का तो कहना है कि 'सीटों का बंटवारा लगभग हो चुका है। बातचीत दिल्ली में होगी, क्योंकि महाराष्ट्र में एक भी नेता (कांग्रेस में) नहीं है जो फैसला ले सके और जो नेता हैं उन्हें फैसले लेने का अधिकार नहीं है।'
प्रारंभिक बातचीत भी अभी शुरू नहीं हुई है- कांग्रेस
लेकिन, प्रदेश कांग्रेस के एक नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा है कि एमवीए के तीनों सहयोगियों में सीटों का बंटवारा दिल्ली में फाइनल होगा।
राउत के बयान के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, 'प्रारंभिक बातचीत भी अभी शुरू नहीं हुई है। केंद्रीय नेतृत्व की ओर से अंतिम फैसला लिया जाएगा।' (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications