Paris Olympics 2024: विनेश फोगाट के मामले पर राज्यसभा में हंगामा, विपक्ष ने किया वॉकआउट, जानिए क्या है मांग
Paris Olympics 2024: पेरिस ओलंपिक 2024 से पहलवान विनेश फोगाट को अयोग्य ठहराए जाने के मुद्दे पर चर्चा से वंचित किए जाने पर विपक्षी दल इंडिया गठबंधन के सदस्यों ने गुरुवार को राज्यसभा से वॉकआउट किया है। विनेश फोगाट को बुधवार को 50 किलोग्राम फ्रीस्टाइल स्वर्ण पदक प्रतियोगिता में अमेरिका की सारा एन हिल्डेब्रांट के खिलाफ निर्धारित मैच से कुछ घंटे पहले 100 ग्राम अधिक वजन होने के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया था। अब इस मामले को लेकर देश में सियासत शुरू हो गई है।
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने संसद के बाहर मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि विनेश फोगाट के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन के सदस्यों ने राज्यसभा से वॉकआउट किया है। हम उनके ओलंपिक अयोग्यता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना चाहते थे। लेकिन सरकार इसके लिए तैयार नहीं है। उन्होंने आज कुश्ती से संन्यास लेने की घोषणा करने वाली विनेश फोगाट को आशावान बने रहने के लिए प्रोत्साहित किया और उन्हें देश के समर्थन का आश्वासन दिया।

इससे पहले मंगलवार को इंडिया गठबंधन के सदस्यों ने भी लोकसभा से वॉकआउट किया था। उन्होंने विनेश फोगाट के बारे में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया के बयान पर असंतोष व्यक्त किया। कुछ विपक्षी नेताओं ने पहलवान को ओलंपिक की तैयारियों के लिए दी जाने वाली वित्तीय सहायता पर ध्यान केंद्रित करने के लिए मंडाविया की आलोचना भी की।
लोकसभा में बुधवार को बोलते हुए मंडाविया ने बताया कि सरकार ने विनेश फोगाट को निजी स्टाफ सहित सभी आवश्यक सहायता प्रदान की है। उन्होंने बताया कि पेरिस ओलंपिक के लिए कुल 70 लाख 45 हजार 775 रुपए की वित्तीय सहायता आवंटित की गई है।
मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि भारतीय पहलवान विनेश फोगट को 100 ग्राम अधिक वजन होने के कारण पेरिस ओलंपिक से अयोग्य घोषित कर दिया गया है। विनेश 50 किलोग्राम वर्ग में खेल रही थी और प्रतियोगिता के लिए उनका वजन 50 किलोग्राम होना चाहिए था। यूडब्ल्यूडब्ल्यू के नियमों के अनुसार सभी प्रतियोगिताओं के लिए संबंधित वर्ग के लिए हर सुबह वजन का चैक किया जाता है।
उन्होंने आगे बताया कि अनुच्छेद 11 के अनुसार यदि कोई एथलीट वजन-मापन में भाग नहीं लेता या असफल हो जाता है तो उसे प्रतियोगिता से अयोग्य घोषित कर दिया जाता है। एथलीट को बिना किसी रैंक के अंतिम स्थान पर रखा जाता है। भारतीय ओलंपिक संघ ने इस मामले पर विश्व कुश्ती संस्था के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
मंत्री मंडाविया ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आईओए प्रमुख पीटी उषा को इस मुद्दे पर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिए है। जो इस समय पेरिस में हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता ने बताया कि विनेश फोगाट को उनकी ओलंपिक यात्रा के दौरान समर्थन देने के लिए हर संभव उपाय किए गए।
पहलवान विनेश फोगाट ने मंगलवार को तीन मैच जीतकर 50 किग्रा ओलंपिक कुश्ती के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनकर इतिहास रच दिया। आमतौर पर 53 किग्रा वर्ग में प्रतिस्पर्धा करने वाली फोगाट इन खेलों के लिए 50 किग्रा भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करने के लिए उतरी थी।
विनेश फोगाट की अयोग्यता से जुड़े विवाद ने राजनीतिक हलकों और खेल प्रेमियों के बीच बहस छेड़ दी है। विपक्ष सदन का वॉकआउट कर राष्ट्रीय एथलीटों को प्रभावित करने वाले ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा की मांग कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications