I.N.D.I.A गठबंधन में PM पद की दावेदारी तेज, उद्धव ठाकरे-अखिलेश यादव और केजरीवाल के नाम आए सामने
मुंबई में इंडिया गठबंधन की बैठक अभी शुरू भी नहीं हुई कि प्रधानमंत्री पद की दावेदारी को लेकर नाम सामने आने लगे हैं। तीन पार्टियों के नेताओं ने अपने-अपने नेताओं के नाम सामने रखे हैं। जिनमें शिवसेना(यूबीटी), समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी शामिल हैं। शिवसेना (यूबीटी) की तरफ से उद्धव ठाकरे तो वहीं समाजवादी पार्टी की तरफ से अखिलेश यादव तो आम आदमी पार्टी की तरफ से अरविंद केजरीवाल का नाम सामने रखा गया है।
शिवसेना (यूबीटी) की तरफ से उद्धव ठाकरे का नाम
शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुवेर्दी ने कहा कि यह ठीक है कि अगर कोई मुझसे पूछता है, तो मैं कहूंगी कि उद्धव ठाकरे को ही इंडिया गठबंधन का PM होना चाहिए। दूसरी ओर, बीजेपी है जहां नेताओं में सिर्फ डर है और वह केवल एक नाम ले सकते हैं। अगर गलती से नितिन गडकरी का नाम आ गया तो उनका करियर खत्म हो जाएगा। दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन है जहां छह मौजूदा सीएम (बैठक में) आ रहे हैं, वरिष्ठ नेता आ रहे हैं। हमने काम किया है और लोग हमारे साथ हैं। हमारे पास ऐसा नेतृत्व है जहां लोग खुलकर नाम ले सकते हैं।

समाजवादी पार्टी ने अखिलेश यादव को पीएम उम्मीदवार बनाने की मांग की
वहीं समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता जूही सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लोकसभा चुनाव 2024 में विपक्ष का प्रधानमंत्री उम्मीदवार बनाने की मांग कर दी है। दरअसल, विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. में लगातार प्रधानमंत्री उम्मीदवार के नाम की चर्चा चल रही है
आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता ने केजरीवाल को पीएम पद का दावेदार बताया था
आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने आज कहा कि अगर आप मुझसे पूछें, तो मैं चाहूंगी कि अरविंद केजरीवाल प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बनें। हालांकि, बाद में AAP की मंत्री आतिशी ने इस बात का खंडन करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल पीएम पद की रेस में नहीं है। हमलोग देश बचाने के लिए सिर्फ इस गठबंधन का हिस्सा बने हैं।












Click it and Unblock the Notifications