INDIA Alliance: शीतकालीन सत्र का पूरी तरह से बहिष्कार कर सकते हैं विपक्षी दल-सूत्र
Parliament Winter Session: 13 दिसंबर को संसद की सुरक्षा में हुई चूक का मुद्दा इतना गर्माता जा रहा है कि अब सांसदों के निलंबन के बाद विपक्षी दलों का गठबंधन INDIA पूरे शीतकालानी सत्र का बहिष्कार करने का विचार कर सकता है।
सूत्रों के हवाले से खबर है कि INDIA गठबंधन (विपक्षी गुट) की पार्टियां संसद के शीतकालीन सत्र का पूरी तरह से बहिष्कार कर सकती हैं।

न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा में हुए सांसदों के निलंबन के बाद विपक्षी दल संसद के शीतकालीन सत्र का पूरी तरह से बहिष्कार कर सकती हैं।
सूत्रों के मुताबिक इस पर अंतिम फैसला मंगलवार (19 दिसंबर) को राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय में होने वाली बैठक में लिया जाएगा।
92 सांसदों के निलंबन के खिलाफ विपक्ष की रणनीति
दरअसल, संसद की सुरक्षा में चूक के मुद्दे पर विपक्षी सांसद लगातार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग कर रहे हैं, जिसे लेकर सदन में हंगामा जारी है। शीतकालीन सत्र से 92 सांसदों के निलंबन के खिलाफ इंडिया गठबंधन ने संसद के बहिष्कार करने का विचार किया है।
बता दें कि सदन में हंगामे के बाद अब तक कुल 92 सांसद निलंबित किए जा चुके हैं। जिनमें से निचले और ऊपरी सदन को मिलाकर 78 सांसदों को सोमवार को निलंबित किया गया है। जिनमें लोकसभा से 33 और राज्यसभा से 45 सांसद शामिल हैं।
एक दिन में 78 सांसदों को किया निलंबित
राज्यसभा ने सोमवार को संसद की कार्यवाही बाधित करने के आरोप में कांग्रेस सांसद जयराम रमेश, रणदीप सुरजेवाला और केसी वेणुगोपाल सहित 45 विपक्षी सदस्यों को सदन से निलंबित कर दिया। जबकि 34 सदस्यों को शेष शीतकालीन सत्र के लिए राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया।
वहीं 11 अन्य सांसदों को विशेषाधिकार समिति की रिपोर्ट लंबित होने तक निलंबित कर दिया गया है। बता दें कि संसद का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से शुरू होकर 22 दिसंबर तक चलेगा।












Click it and Unblock the Notifications