INDIA गठबंधन को लेकर बड़ी खबर, 25-26 अगस्त को BJP शासित इस राज्य में होगी अगली बैठक!
India alliance next meeting: भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को 2024 के लोकसभा चुनाव में घेरने के लिए बने विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' की अगली बैठक को लेकर बड़ी खबर है। 'इंडिया' की अगली दो दिवसीय बैठक मुंबई में 25 और 26 अगस्त को हो सकती है।
आपको बता दें कि दो महीनों के भीतर यह इंडिया गठबंधन की तीसरी बैठक होगी। इससे पहले शुरुआती बैठक बिहार की राजधानी पटना और दूसरी बैठक कर्नाटक के बेंगलुरु में हुई थी।

बेंगलुरु में हुई दो दिवसीय बैठक के दौरान कुल 26 विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए थे। इसी बैठक में पुराने गठबंधन यूपीए का नाम बदलकर इंडिया रखने का फैसला किया गया। इसके साथ ही बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ऐलान किया था कि विपक्षी दलों के बीच तालमेल बनाए रखने के लिए एक टीम का गठन भी किया जाएगा।
पीएम पद की दावेदारी की दौड़ में नहीं कांग्रेस: मल्लिकार्जुन खड़गे
बेंगलुरु में हुई बैठक के दौरान ही मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक और बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रधानमंत्री पद की दावेदारी की दौड़ में नहीं है। दरअसल भाजपा की तरफ से लगातार ये सवाल उठ रहे थे कि पीएम मोदी के सामने विपक्षी गठबंधन में प्रधानमंत्री पद का दावेदार कौन होगा? ऐसे में मल्लिकार्जुन खड़गे का ये बयान विपक्षी दलों को एकजुट रखने की दिशा में काफी अहम माना गया।
मानसून सत्र के बाद तय होगी रैली की तारीख
सूत्रों के मुताबिक विपक्ष की योजना है कि मुंबई में ही एक ज्वॉइंट रैली की जाए। हालांकि रैली को लेकर अंतिम फैसला मौसम के हालात को ध्यान में रखते हुए लिया जाएगा। विपक्ष के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि मानसून सत्र समाप्त होने के बाद ज्वॉइंट रैली की तारीख को लेकर फैसला ले लिया जाएगा। इसके साथ ही 11 पार्टियों के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए एक कॉर्डिनेशन कमेटी का भी ऐलान किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications