असम में प्रदर्शन जारी, बांग्लादेश ने भारत से उसके मिशन की सुरक्षा बढ़ाने को कहा
नई दिल्ली। बांग्लादेश ने गुरुवार को भारत से कहा है कि उसके गुवाहाटी स्थित मिशन की सुरक्षा को बढ़ाया जाए। ऐसा इसलिए क्योंकि राज्य में चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान इसके दो साइनपोस्ट को निशाना बनाया गया है। बता दें असम में नागरिकता संशोधन बिल के विरोध में भारी विरोध प्रदर्शन हो रहा है। यहां हालात काफी खराब हैं।

गुरुवार को पुलिस की गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई है। कर्फ्यू के बावजूद हजारों लोगों ने सड़क को जाम किया हुआ है। यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कह चुके हैं कि उनकी सरकार असम के लोगों की भाषा और संस्कृति की रक्षा करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। बांग्लादेश के विदेश मंत्री ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि भारतीय हाई कमिश्नर रीवा गांगुली दास ने गुरुवार शाम कार्यवाहक विदेश सचिव कमरुल अहसन से उनके कार्यालय में मुलाकात की है।
उन्होंने बयान में कहा, 'उन्होंने (अहसन) मिशन में जान-माल की रक्षा के लिए मेजबान सरकार से अनुरोध किया है।' भारतीय दूत ने भरोसा दिया कि भारतीय अधिकारियों से तत्काल सुरक्षा बढ़ाने के लिए कहा जा रहा है। दास ने कहा, 'भारतीय अधिकारियों ने उच्चायोग परिसर, उसके कर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों की सुरक्षा के लिए पहले से ही सुरक्षा के उपाय किए हैं।'
बयान में कहा गया है, भीड़ ने मिशन के दो साइनपोस्ट को नुकसान पहुंचाया, जो गुवाहाटी के चांसेरी से 30 यार्ड की दूरी पर हैं। इससे एक दिन पहले प्रदर्शनकारियों ने हवाई अड्डे से शहर की ओर जा रहे बांग्लादेश के उच्चायुक्त के सुरक्षा वाले वाहन पर हमला कर दिया था। बता दें लोकसभा और राज्यसभा में पास होने के बाद नागरिकता संशोधन बिल को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी अपनी मंजूरी दे दी है। उन्होंने गुरुवार देर रात विधेयक पर हस्ताक्षर कर दिए। राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद इस बिल ने कानून का रूप ले लिया है।












Click it and Unblock the Notifications