तमिलनाडु के मुख्य सचिव के घर छापेमारी में मिला पांच किलो सोना, 30 लाख रुपये कैश
पी राममोहन राव को इस साल की शुरुआत में ही तमिलनाडु सरकार ने मुख्य सचिव नियुक्त किया था। 1985 बैच के आईएस अधिकारी राव इससे पहले मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव थे।
चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्य सचिव पी राममोहन राव के घर और ऑफिस में छापेमारी के दौरान आयकर विभाग ने 30 लाख रुपये कैश और पांच किलो सोमा बरामद किया है। तमिलनाडु के सबसे बड़े ब्यूरोक्रेट के कई ठिकानों पर बुधवार को छापमारी की गई।

24 घंटे तक चली कार्रवाई
सुबह करीब साढ़े पांच बजे से शुरू हुई छापेमारी करीब 24 घंटे तक चली। गुरुवार सुबह कार्रवाई खत्म हुई तो जब्त किए गए सामान का आंकड़ा सामने आया। चेन्नई, चित्तूर और आंध्र प्रदेश में राव के बेटे और रिश्तेदारों के भी सात ठिकानों पर छापेमारी हुई।

बिजनेसमैन और चीफ सेक्रेटरी के बेटे का कनेक्शन
इस महीने की शुरुआत में आयकर विभाग ने छापेमारी के दौरान तमिलनाडु के तीन बिजनेसमैन के घरों से 100 किलो सोना, 96 करोड़ के 500 रुपये और 1000 रुपये के नोट और 34 करोड़ के नए नोट बरामद किए थे। इनमें से एक बिजनेसमैन जे शेखर रेड्डी का कारोबार चीफ सेक्रेटरी के बेटे के साथ भी था। रेड्डी को बुधवार को गिरफ्तार किया गया।

कई और चेहरे हो सकते हैं बेनकाब
सूत्रों के मुताबिक, रेड्डी के घर से ऐसे दस्तावेज मिले हैं जिनके आधार पर और भी जगहों पर छापेमारी हो सकती है। इससे कई और लोग बेनकाब हो सकते हैं। यह कार्रवाई ऐसे समय में हो रही है जब राज्य के मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के लिए पहुंचे थे।
विपक्ष ने कहा- शर्मसार हुआ है राज्य
विपक्षी पार्टी डीएमके के नेता एमके स्टालिन ने कहा कि लगातार हो रही छापेमारी और खुलासों से तमिलनाडु शर्मसार हुआ है। भ्रष्ट अधिकारियों और उनकी मदद करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

इसी साल बने थे मुख्य सचिव
पी राममोहन राव को इस साल की शुरुआत में ही तमिलनाडु सरकार ने मुख्य सचिव नियुक्त किया था। 1985 बैच के आईएस अधिकारी राव इससे पहले मुख्य मंत्री के अपर मुख्य सचिव थे। राव को विजिलेंस कमिश्नर और प्रशासनिक सुधार कमिश्नर की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी मिली हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications