मायावती ने BSP से क्यों निकाला? कांग्रेस में शामिल होते ही इमरान मसूद ने खोला राज
Imran Masood in congress: 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला है। बहुजन समाज पार्टी के पूर्व नेता इमरान मसूद कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।
शनिवार को दल-बल के साथ दिल्ली पहुंचे इमरान मसूद ने कांग्रेस की सदस्यता ली। इमरान मसूद ने कहा कि ये उनकी घर वापसी है और इसके लिए वो प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के शुक्रगुजार हैं।

मीडिया से बात करते हुए इमरान मसूद ने कहा, 'बीएसपी को मैंने नहीं छोड़ा, बल्कि बीएसपी ने मुझे छोड़ा है। मैं कभी कांग्रेस छोड़ना ही नहीं चाहता था, लेकिन शुक्र है कि प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने मुझे एक बार फिर पार्टी से जुड़ने का मौका दिया। मायावती बहुत कम लोगों से मिलती हैं और मैं उन लोगों में शामिल था, जो उनसे मिला। मैंने उनसे कहा कि जो आंदोलन आपने और काशीराम ने खड़ा किया, उससे 2007 में सरकार बनी लेकिन 2022 में उसने दम तोड़ दिया। इसलिए, पार्टी में आमूल-चूल परिवर्तन की जरूरत है।'
इमरान मसूद ने आगे कहा, 'मुझे जो ठीक लगा, मैंने वो कहा लेकिन उन्हें मेरी ये बात बुरी लग गई। गांधी परिवार के साथ शुरू से मेरा जुड़ाव रहा है, राहुल गांधी या प्रियंका गांधी के साथ मेरा रिश्ता कभी खत्म ही नहीं हुआ। एक बार मैंने राहुल गांधी के बारे में कुछ कहा तो उन्हें वो बात भी बुरी लग गई और उन्होंने मुझे पार्टी से निकाल दिया।'
कौन हैं इमरान मसूद?
इमरान मसूद की गिनती वेस्ट यूपी के कद्दावर मुस्लिम नेताओं में होती है। साल 2022 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इमरान मसूद कांग्रेस छोड़कर पर सपा में शामिल हुए थे। हालांकि यहां उनका साथ ज्यादा दिन नहीं चला और वो बहुजन समाज पार्टी में शामिल हो गए। इसके बाद मायावती ने उनके ऊपर पार्टी का अनुशासन तोड़ने का आरोप लगाते हुए उन्हें बीएसपी से निकाल दिया। इमरान मसूद साल 2006 में पहली बार सहारनपुर नगर पालिका के चेयरमैन का चुनाव जीते थे और इसके बाद साल 2007 से 2012 तक मुजफ्फराबाद सीट निर्दलीय विधायक चुने गए।












Click it and Unblock the Notifications