कोहरे का कोहराम, 14 ट्रेनें लेट, आज यहां हो सकती है बारिश, बढ़ेगी गलन
नई दिल्ली। उत्तर भारत में सर्दी का तांडव लगातार जा रही है, जनवरी का महीना अपने अंतिम पड़ाव पर है, बावजूद इसके ठंड जाने का नाम नहीं ले रही है, कोहरे की वजह से 14 ट्रेनें लेट चल रही है, ट्रेनों के देर से दिल्ली पहुंचने की वजह से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है, लोगों को सर्दी में घंटों समय स्टेशन पर बिताना पड़ रहा है।

यहां हो सकती है बारिश
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने वाली नहीं है क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से देश के कई इलाकों में बारिश की संभावना है, जिसके कारण तापमान में एक बार फिर से गिरावट हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 27 दिसंबर यानी आज से पश्चिमी विक्षोभ अपना असर दिखाएगा, इसके चलते आज से 29 जनवरी तक हरियाणा में कहीं-कहीं बरसात के आसार हैं। जनवरी में अब तक 5 पश्चिमी विक्षोभ आ चुके हैं, यही नहीं जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के साथ साथ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के इलाकों में बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

गरज चमक और तेज हवा के साथ बौछारें पड़ सकती हैं...
आपको बता दें कि रविवार को उत्तर भारत मे दिन भर 20-25 किलोमीटर की रफ्तार से सर्द हवाएं चलती रहीं, जिससे धूप खिलने के बावजूद लोगों को ठिठुरन वाली सर्दी सताती रही, विभाग के मुताबिक 28 और 29 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवा और गरज चमके के साथ बारिश दर्ज की जा सकती है, यही नहीं राजस्थान और उत्तर मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में भी गरज चमक और तेज हवा के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

स्काइमेट वेदर
निजी एजेंसी स्काइमेट वेदर ने कहा है कि दिल्ली एनसीआर में तेज हवाएं चल रही हैं जिसकी वजह से राष्ट्रीय राजधानी और इसके आस पास प्रदूषण का स्तर काफी हद तक सुधरा है और आज या कल यहां हल्की बूंदा-बादी संभव है, रविवार को दिन भर खिली रही धूप से दिल्लीवासियों ने राहत की सांस ली। हालांकि सुबह और शाम के समय ठिठुरन बनी रही लेकिन अगले 24 घंटों के दौरान, जम्मू-कश्मीर,लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications