Weather Update: गुजरात, मध्य प्रदेश में भारी बारिश की संभावना, दिल्ली में IMD का येलो अलर्ट
Weather Update: भीषण गर्मी के बीच मानसून ने लोगों को इससे राहत देने का काम किया है। मौसम विभाग का कहना है कि इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे देश में अपने तय समय से छह दिन पहले आ गया है। मानसून केरल और पूर्वोत्तर में 30 जून को पहुंच गया, जोकि तय समय से 2 से 6 दिन पहले है।
हालांकि मानसून महाराष्ट्र तक उम्मीद के मुताबिक ही बढ़ रहा था, लेकिन पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़,मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश में बारिश की शुरुआत धीमी रही है। जिसकी वजह से उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी काफी बढ़ गई।

6 दिन पहले पहुंचा मानसून
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में आज तेजी से आगे बढ़ेगा। मानसून ने पूरे देश में 2 जुलाई को पहुंच चुका है, जोकि सामान्य तौर पर 8 जुलाई को पहुंचता है। लिहाजा यह 6 दिन पहले ही पूरे देश में पहुंच चुका है।
इसके साथ ही मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि सक्रिय मानसून अगले 4-5 दिनों में उत्तर-पश्चिम, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में आगे बढ़ेगा। अगले पांच दिनों में सामान्य से तेज बारिश की संभावना है। अधिकतम पारे में कोई बड़ा बदलाव आने की उम्मीद नहीं है।
दिल्ली में आज बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि दिल्ली में आज बादल छाए रहेंगे, गरज-चमक के साथ यहां बारिश हो सकती है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने दिल्ली में बारिश को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
यहां आज अधिकतम पारा 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम पारा 28 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और बारिश होगी।
गुजरात में हो सकती है तेज बारिश
वहीं गुजरात को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि यहां आज भारी बारिश हो सकती है। 3 जुलाई को सूरत, नवसारी, वलसाड और दमन और दादरा नगर हवेली में भारी बारिश हो सकती है। गुजरात इस वक्त दो चक्रवात का सामना कर रहा है, एक नॉर्दर्न गुजरा और दूसरा सदर्न गुजरात में है, जोकि यहां भारी बारिश की वजह बन सकता है।
मध्य प्रदेश के 22 जिलों में बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश के 22 जिलों में मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि मौसम को देखते हुए ही घर से बाहर निकलें, जरूरत नहीं होने पर घर में ही रहें।












Click it and Unblock the Notifications