Heatwave: दिल्ली में 52 डिग्री के साथ बेकाबू गर्मी, जानिए देशभर में 30 मई को कैसा रहेगा मौसम? फिलहाल राहत नहीं
IMD Heatwave Alert: देशभर में भीषण गर्मी के साथ भयंकर लू का प्रकोप जारी है। आलम यह हो गया है कि भयानक गर्मी के बीच लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। देश के कई हिस्सों में पारा 50 डिग्री तक पहुंच गया है। इस बीच हैरानी की बात यह है कि राजधानी दिल्ली में बुधवार (29 मई) को तापमान 52.3 (मुंगेशपुर) डिग्री जा पहुंचा है, जो कि राजधानी दिल्ली का अब तक का सबसे ज्यादा है।
बीते एक हफ्ते से जारी तपिश ने पूरा जनजीवन बिगाड़कर रख दिया है। इस बीच आईएमडी ने गर्मी और लू को लेकर परेशानी बढ़ा देने वाला अपडेट साझा किया है।

30 मई को भी राहत नहीं
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को जारी अपने अपडेट में बताया कि पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान, बिहार, झारखंड, ओडिशा के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है। साथ ही उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में 30 मई को लू का प्रकोप देखने को मिलेगा।
दिल्ली में अब तक का उच्चतम तापमान
राजधानी दिल्ली में सूरत आसमान से कहर बरपा रहा है। 50 डिग्री तापमान छूने के बाद अब पारा बुधवार को 52.3 डिग्री तक जा पहुंचा है, जो कि राजधानी दिल्ली में अब तक सबसे अधिक तापमान है। दिल्ली के मुंगेशपुर इलाके में अधिकतम तापमान 52.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा में 6 दिनों तक राहत नहीं
वहीं दिल्ली से सटे राज्य हरियाणा में भी गर्मी ने रौद्र रूप धारण कर रखा है। बुधवार 29 मई को अधिकतम 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है, जबकि आईएमडी ने अगले 6 दिनों तक पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने का अनुमान लगाया है।
इधर, महाराष्ट्र को लेकर आईएमडी प्रमुख सुनील कांबले ने कहा कि, "अगर आप मुंबई की बात करें तो मुंबई का तापमान 35-36 डिग्री सेल्सियस है और गर्मी के मौसम के लिए ये सामान्य तापमान है। लेकिन उच्च आर्द्रता (high humidity) के कारण जैसे कि 80% से 90% आर्द्रता है। इसलिए 35%-36% सेंटीग्रेड तापमान पर भी हमें 40 डिग्री तापमान का अहसास हो रहा है। और अगर आप महाराष्ट्र और उसके आस-पास देखें तो तापमान 38% से 40% सेंटीग्रेड के बीच है।
आने वाले 24 घंटे में मिलेगी बड़ी राहत
दिल्ली में IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा, "हमने अभी 2 दिनों के लिए बिहार, झारखंड और ओडिशा के लिए हीटवेव से गंभीर हीटवेव जारी किया है। 3 दिनों के बाद बंगाल की खाड़ी से जब वहां नमी आएगी तो हालातों में सुधार होगा। मॉनसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं, हमारा अनुमान है कि आने वाले 24 घंटे में मॉनसून केरल में आ सकता है।"
मौसम विभाग के अनुसार केरल में मानसून के आने की सामान्य तिथि 1 जून है। लेकिन IMD मानसून के एक दिन आगे बढ़ने की उम्मीद कर रहा है और 24 घंटे के भीतर मानसून के केरल पहुंचने की उम्मीद है। केरल में मानसून के आने के बाद इसे महाराष्ट्र को कवर करने में आठ से दस दिन लगते हैं।












Click it and Unblock the Notifications