डॉक्टरों पर हमले को लेकर IMA ने जताई नाराजगी, जारी किया व्हाइट अलर्ट, 23 अप्रैल को Black Day की चेतावनी
नई दिल्ली। देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 17265 के पार पहुंच गई है। कोरोना वायरस की चपेट में आकर अब तक 543 लोगों की मौत हो गई है। कोरोना संक्रमण के इलाज में जुटे डॉक्टरों लगातार काम कर रहे हैं, लेकिन कुछ लोग उन्हें भी अपना निशाना बना रहे हैं। कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के इलाज में जुटे डॉक्टरों और नर्सों को मकान खाली करने की धमकी मिल रही है तो कई जगहों पर उन्हें घर में घुसने नहीं दिया जा रहा है। डॉक्टरों पर हमले हो रहे हैं, उनके साथ बुरा बर्ताव किया जा रहा है। डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ के साथ बदसलूकी पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने नाराजगी जाहिर की है।

डॉक्टरों पर हमले से IMA नाराज
IMA ने सरकार के सामने अपनी मांगें रखी है और उनसे सुरक्षित कार्यस्थल की मांग की है। इंडियन मेडिकल एसोसिएसन ने कहा है कि हमें सुरक्षित कार्यस्थल उपलब्ध कराए जाएं। पत्र के जरिए सरकार को अपनी मांगों से अवगत कराते हुए IMA ने कहा है कि डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ कर्मियों के खिलाफ अपशब्द और हिंसा तुरंत बंद होनी चाहिए। सभी डॉक्टर और अस्पताल इसके विरोध में 22 अप्रैल की रात 9 बजे एक मोमबत्ती जलाएंगे जो व्हाइट अलर्ट टू द नेशन होगा।

23 अप्रैल को ब्लैक डे की चेतावनी
IMA ने 22 अप्रैल को देश में व्हाइट अलर्ट जारी किया । वहीं ये बी चेतावनी दी है कि अगर सरकार व्हाइट अलर्ट के बाद भी डॉक्टरों और अस्पतालों के खिलाफ हिंसा पर केंद्रीय कानून लागू करने में विफल रहती है, तो IMA 23 अप्रैल को काला दिवस (Black Day) घोषित करेगा। इसके बाद देशभर के डॉक्टर काली पट्टी बांधकर काम करेंगे।
आईएमए ने डॉक्टरों, नर्सों और मेडिकल स्टाफ की सुरक्षा पर चिंता जाते हुए सरकार के सामने अपनी मांग को रखा है।

लगातार बढ़ रहे हैं कोरोना वायरस के मामले
गौरतलब है कि देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 1 दिन में कोरोना के 1553 नए मामले सामने आए हैं और 36 लोगों की मौत हुई है। देशभर में कोरोना के मरीजों की संख्या 17,265 हो गई है, जिसमें 14,175 सक्रिय हैं, 2547 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 543 लोगों की मौत हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications