चिदंबरम का पीएम मोदी पर तंज- अगर पकौड़े बेचना जॉब है तो भीख मांगना भी रोजगार
नई दिल्ली। पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने रविवार को रोजगार सृजन के मुद्दे पर मोदी सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने ट्वीट करते हुए मोदी सरकार पर नए रोजगार पैदा करने के वादे को पूरा न करने का आरोप लगाया है। चिदंबरम ने कहा कि यदि पकौड़ा बेचना भी नौकरी है तो फिर भीख मांगने को भी रोजगार के एक विकल्प के तौर पर देखना चाहिए। अब उन गरीब और अक्षम लोगों को भी रोजगार पाने वाले लोगों की संख्या में गिना जाना चाहिए, जिन्हें मजबूरी में भीख मांगकर गुजारा करना पड़ रहा है। एक बाद एक किए गए कई ट्वीट्स में चिदंबरम ने कहा कि सरकार नौकरियों के अवसर पैदा करने के मामले में पूरी तरह से फेल है और उसे कुछ सूझ नहीं रहा है।

चिदंबरम ने मोदी सरकार को मनरेगा, मुद्रा योजना और अन्य योजनाओं के जरिए रोजगार के अवसर पैदा करने में नाकाम बताया। पूर्व वित्त मंत्री ने ट्विटर पर लिखा, 'एक मंत्री का कहना है कि मनरेगा वर्कर्स को भी नौकरी करने वालों में गिनना चाहिए। यदि वह जॉब है तो क्या सिर्फ 100 दिन के लिए है और बाकी 265 दिन उन्हें बेरोजगार क्यों रहना पड़ता है।' बता दें कि 19 जनवरी को एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में पीएम मोदी ने सवालिया अंदाज में कहा था, 'यदि एक शख्स पकौड़े बेचता है और शाम को 200 रुपये लेकर घर पहुंचता है तो क्या उसे रोजगार माना जाएगा या नहीं?
पीएम मोदी के इस बयान का विपक्ष के नेताओं समेत सोशल मीडिया पर खूब मजाक भी बनाया गया था। चिदंबरम ने मनरेगा, मुद्रा योजना और सरकार की अन्य योजनाओं को रोजगार के अवसर पैदा करने में विफल बताया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि मुद्रा योजना में 43 हजार का लोन लेकर एक व्यक्ति को रोजगार सृजक बनाने का दावा किया गया था लेकिन ऐसा कोई व्यक्ति नहीं दिखता जिसने इतने निवेश में एक भी रोजगार पैदा किया हो।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक के बाद एक अपने दो पसंदीदा न्यूज चैनलों जी न्यूज और टाइम्स नाउ को इंटरव्यू दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने 19 जनवरी की रात हिंदी समाचार चैनल जी न्यूज़ को साल 2018 का पहला धमाकेदार इंटरव्यू दिया। इस इंटरव्यू में पीएम मोदी ने राजनीति, अर्थव्यवस्था, अंतराष्ट्रीय मसले, जीएसटी, नोटबंदी और रोजगार जैसे कई अहम मुद्दों पर अपनी रखा। लेकिन इस इंटरव्यू में रोजगार के मुद्दे पर पीएम मोदी ने ऐसा उदाहरण दिया कि ट्विटर पर आज भी उन्हें ट्रोल किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications