पाकिस्तान के पूर्व हाई कमिश्नर ने जम्मू-कश्मीर का चार विकल्प बताकर कहा........नहीं तो युद्ध हो जाए
नई दिल्ली- जम्मू-कश्मीर पर सोमवार को भी पाकिस्तान की ओर से एक बेहद भड़काऊ बयान आया। इस बार भारत में पाकिस्तान के पूर्व उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने जम्मू-कश्मीर को लेकर भारत के खिलाफ आग उगला है। अब्दुल बासित ने आगे जम्मू-कश्मीर को लेकर चार विकल्प बताया है, जिसे उन्होंने 'कश्मीर संघर्ष' का नाम दिया है। उनके मुताबिक अगर इस विकल्प का कोई नतीजा नहीं निकलता है तो फिर युद्ध हो जाए।
......नहीं तो युद्ध हो जाए- अब्दुल बासित
पिछले 5 अगस्त को जब भारत ने जम्मू-कश्मीर से विशेषाधिकार हटाने का फैसला लिया था, तब भारत में पाकिस्तान के पूर्व उच्चायुक्त ने कहा था कि पाकिस्तान भारत को अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में खींच सकता है। लेकिन, सोमवार को उन्होंने ट्विटर के जरिए भारत को युद्ध की खुली धमकी दे डाली है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है, "कश्मीर संघर्ष के चार मोर्चे हैं: पहला, नेशनल कांफ्रेस की दो आर्टिकल पर सुप्रीम कोर्ट में कानूनी लड़ाई। दूसरा, पाकिस्तान को आत्मनिर्णय के साथ कूटनीतिक प्रयास जारी रखने चाहिए। तीसरा, पाकिस्तानी और कश्मीरी प्रवासी इसपर काम करते रहें। चौथा, सबसे महत्वपूर्ण यह है कि कश्मीर में राजनीतिक लड़ाई को पाकिस्तान कमजोर न पड़ने दे। यदि भारत अपनी हदें पार करता है तो युद्ध हो जाए।"

अपनी पुरानी नीति बदले पाकिस्तान- बासित
अब्दुल बासित के खतरनाक इरादे यहीं नहीं थमे। उन्होंने पाकिस्तान की इमरान सरकार से जम्मू-कश्मीर के मामलों के लिए अपने विदेश मंत्रालय में अलग से एक सेल बनाने की भी मांग की है। साथ ही कहा है कि इस सेल की अगुवाई विशेष राजनयिक करें। अब्दुल बासित के अनुसार, 'पाकिस्तान जम्मू और कश्मीर पर विदेश मंत्रालय में जे एंड के पर विशेष राजनियक के नेतृत्व में एक सेल गठित करे। सही और प्रभावी कूटनीति के लिए सही संगठनात्मक संरचना बहुत जरूरी है। कश्मीर पर पाकिस्तान को अपनी पुरानी नीति में बदलाव लाना होगा।'

उकसावे वाली कार्रवाई कर रहा है पाकिस्तान
गौरतलब है कि रोटी और नान की कीमतों में उलझा पाकिस्तान जम्मू और कश्मीर पर उकसावे वाली कोई कार्रवाई से पीछे नहीं हट रहा है। अब्दुल बासित से पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान और उनके कुछ दूसरे मंत्री भी भारत को जंग की गीदड़भभकी दे चुके हैं। हालांकि, ये भी तथ्य है कि अबतक किसी देश ने इस मुद्दे पर पाकिस्तान का खुलकर साथ नहीं दिया है। लेकिन, पाकिस्तान हर हाल में इसे दो देशों के बीच जंग के हालात का माहौल खड़ा करने पर तुला हुआ है। इसी कड़ी में अब उसने लद्दाख के करीब स्कार्दू सेक्टर में फाइटर जेट्स की तैनाती शुरू कर दी है। सूत्रों की ओर से जो जानकारी दी गई है उसके मुताबिक तीन सी-130 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट को पाकिस्तान एयरफोर्स ने स्कार्दू में अपने एयरबेस पर उपकरणों को ले जाने के लिए इस्तेमाल किया है। स्कार्दू , भारत के लद्दाख के बिल्कुल सामने है। भारतीय एजेंसियां इस जानकारी के आने के बाद से ही सतर्क हैं और पाक पर करीब से नजर रख रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications