BJP को नहीं आई 370 सीट, क्या तब भी भागेगा शेयर मार्केट? प्रशांत किशोर ने समझा दिया पूरा गेम
lok Sabha election 2024 share Market: अगर आपने भी शेयर मार्केट में पैसा लगाया है, तो ये खबर आपके काम की है। लोकसभा चुनाव का असर इन दिनों भारतीय शेयर बाजारों पर भी दिख रहा है।
कुछ दिनों पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि हमारी सीटें 400 के पार जाने वाली है, बाजार में तेजी आएगी, आप पैसे लगा लीजिए। अब चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने भी चुनावी नतीजों का शेयर मार्केट पर क्या असर होगा...इसपर बड़ा बयान दिया है।

प्रशांत किशोर ने कहा, ''लोकसभा चुनावों में भाजपा ने जो कहा है कि, उन्हें 370 और एनडीए को 400 पार सीटें मिलेगी...ये उनका नारा है। लेकिन हां भाजपा पिछले लोकसभा चुनावों से थोड़ा बेहतर कर सकती है। मुझे लगता है कि भाजपा का अपने दम पर 370 सीटें हासिल करना असंभव है और मेरा मानना है कि भाजपा अकेले 270 पार और एनडीए के साथ 370 सीटें ला सकती है।''
BJP को अगर नहीं आई 370 सीट तो शेयर मार्केट में क्या होगा? प्रशांत किशोर ने दिया ये जवाब?
प्रशांत किशोर ने कहा है कि अगर भाजपा लोकसभा चुनावों में 370 सीट नहीं ला पाई तो ये विफलता शेयर बाजार को निराश कर सकती है। प्रशांत किशोर ने कहा, ''जब किसी कंपनी से अपेक्षाएं बहुत ज्यादा होती हैं और अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद वे उस पर नहीं उतरते हैं, तो शेयर बाजार उनको सबक सिखाता है। इस लिहाज से देखें तो, अगर भाजपा 370 से कम सीटें हासिल करती है, तो यह चर्चा का विषय बन सकता है और इसका असर शेयर मार्केट में भी देखने को मिलेगा।''

प्रशांत किशोर ने बताया भाजपा ने क्यों दिया 400 पार का नारा?
प्रशांत किशोर ने 2014 के चुनावों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के साथ काम किया है। प्रशांत किशोर ने भाजपा के 370 सीटें और एनडीए के 400 सीटों के नारे को एक "स्मार्ट" कदम बताया है। प्रशांत किशोर ने कहा है कि, ये अब घर-घर में चुनावी चर्चा का मुद्दा है।
प्रशांत किशोर ने कहा, 'पिछले तीन-चार महीनों में, चर्चा '370' और '400 पार' के आसपास केंद्रित रही है। इसे भाजपा की रणनीति या विपक्ष की कमजोरी मानें, लेकिन भाजपा ने अपने टारगेट को पूरी तरह से अब 272 से 370 पर शिफ्ट कर दिया है। इससे भाजपा को फायदा हुआ है अब, कोई यह नहीं कह रहा है कि मोदी जी हारेंगे, लोगों में चर्चा सिर्फ इस बात की है कि वे 400 पार जाएंगे या नहीं।'

अमित शाह ने कहा था- 4 जून के बाद मार्केट में तेजी आने वाली है
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक इंटरव्यू के दौरान शेयर मार्केट को लेकर कहा था कि, ''स्टॉक मार्केट में आने वाले उतार-चढ़ाव को चुनाव से जोड़कर मत देखिए, ऐसा पहली बार नहीं है, जब शेयर बाजार टूटा है, इससे पहले भी 16 बार गोते लगाए हैं। हालांकि बाजार में उतार-चढ़ाव अफवाहों के कारण है तो 4 जून के पहले आप अपनी खरीद कर लीजिए...क्योंकि बाजार में तेजी आने वाली है।''
अमित शाह ने कहा था कि, ''देश में जब स्थिर सरकार आती है, तो बाजार में उछाल आता है और हमारी सीटें 400 पार जाएगी, फिर से मोदी सरकार आएगी और साथ ही शेयर मार्केट में तेजी भी देखने को मिलेगा। हमेशा ऐसा ही हुआ है।''












Click it and Unblock the Notifications