बॉयफ्रेंड के साथ न्यूजपेपर में छपी फोटो ने बदल दी इस IAS अफसर की किस्मत, शेयर किया दिल को छू जाने वाला किस्सा
नई दिल्ली, जुलाई01: साल 2016 था, आज की आईएएस अधिकारी चांदनी चंद्रन उन हजारों उम्मीदवारों में से केवल एक थीं, जो सिविल सेवा परीक्षा 2015 में शामिल हुए थे और अपने परिणाम का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान चांदनी ने रिजल्ट का तनाव खत्म करने के लिए अपने बॉयफ्रेंड और अब पति अरुण सुदर्शन के संग वॉक करने का फैसला किया। उनका रिजल्ट आया लेकिन चंदानी एग्जाम क्लियर ना कर सकीं। लेकिन अगले दिन उनकी फोटो टाइम्स अखबार में यूपीएससी के सफल उम्मीदवारों के साथ छपी। इस फोटो के पीछे की कहानी आईएएस अधिकारी चांदनी चंद्रन ने ट्विटर पर अब शेयर की है।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने एक कोने में ये तस्वीर भी छापी थी
चांदनी ने अखबार में फोटो छपने का दिलचस्प किस्सा शेयर करते हुए बताया कि यह बात साल 2016 की है, जब वो केरल के त्रिवेंद्रम में यूपीएससी की तैयारी कर रही थीं। जिस दिन सिविल सर्विसेज 2015 का फाइनल रिजल्ट आया वो अपने बॉयफ्रेंड और अब पति अरुण सुदर्शन के साथ कहीं बाहर घूमने निकली थीं। इस मौके पर टाइम्स ऑफ इंडिया के अखबार के फोटोग्राफर ने उनकी तस्वीर खींच ली। मेरा सेलेक्शन नहीं हुआ। अगले दिन अखबार टॉपर्स की तस्वीरों से भरे पड़े थे और टाइम्स ऑफ इंडिया ने एक कोने में ये तस्वीर भी छापी थी।
Recommended Video

जब तस्वीर ने बदली किस्मत
आईएएस अधिकारी चांदनी चंद्रन ने लिखा कि, अरुण ने टाइम्स ऑफ इंडिया में फोन करके फोटो छापने पर आपत्ति जताई। तब हमने शादी नहीं की थी। मैंने इसे एक संकेत के रूप में लिया कि मेरी तस्वीर यूपीएससी टॉपर्स से भरे पेपर में होनी चाहिए और मैं खुशी-खुशी किसी भी मंजिल की ओर चल सकती हूं, जिसमें कोई छाता पकड़े हुए है और जब मैं हर कदम उठाती हूं तो मुझे प्यार से देखता है।

फोटोग्राफर को पांच साल बाद पता चली इसके पीछे की कहानी
अगले ट्वीट में उन्होंने लिखा कि, मेरा सलेक्शन हुआ और हमने शादी कर ली। कुछ दिन पहले मैं इस तस्वीर के बारे में सोच रही थी और अरुण ने फोटोग्राफर राकेश नायर से संपर्क किया। शिकायत की वजह से उन्हें फोटो याद थी। उन्होंने हमें फोटो भेज दी। उनका बहुत-बहुत शुक्रिया। फोटोग्राफर ने भी इस ट्वीट पर जवाब दिया है। राकेश नायर ने लिखा कि, बारिश में एक खींची गई तस्वीर के पीछे इतनी कहानी है ये मुझे 5 साल बाद पता चल रहा है। आप एक सुंदर कपल हैं। आने वाले वक्त की शुभकामनाएं। आपकी इस यात्रा का हिस्सा बनने की मुझे खुशी है।

फोटो ग्राफर ने बताया कैसे नहीं तोड़ा प्राइवेसी का रूल
इस पर आईएएस चांदनी ने लिखा कि, फोटो खींचने और शुभकामना के लिए बहुत धन्यवाद। मैं यकीन नहीं कर पा रही हूं कि आपने उन लोगों के लिए 5 साल पुरानी फोटो खोजने की जहमत उठाई जिन्होंने आपकी शिकायत कर दी थी। आप बड़े दिलवाले हैं। इस पर नायर ने लिखा कि, HaHaHa मैंने कभी भी उस शिकायत को दिल से नहीं लगाया। हम दोनों ही अपनी जगह सही हैं। मैंने पब्लिक प्लेस पर तस्वीर खींची थी और आपने रोका नहीं था ऐसे में मैं प्राइवेसी रूल के दायरे में था। घर पर असहज बातचीत वाली बात पर आपका गुस्सा भी सही है। खैर जैसा कहा जाता हैं, अंत भला तो सब भला।

चांदनी चंद्रन से यूजर्स ने पूछा-फोटो के बाद घर पर बवाल हुआ था?
अब चांदनी चंद्रन की फोटो पर यूजर्स कमेंट कर सवाल पूछ रहे हैं, एक यूजर्स ने पूछा कि, इस फोटो के छपने के बाद तो घर पर बहुत बवाल हुआ होगा? उन्होंने बताया कि, नहीं ऐसे ज्यादा बवाल तो नहीं हुआ लेकिन हां ये पूछताछ तो जरूर हुई कि ऐसे मौसम में कहां गई थीं। सभी के घरवाले फिक्रमंद रहते हैं। वहीं एक अन्य यूजर्स ने पूछा कि, क्या फोटो खींचना गैरकानूनी है, तो इस पर उन्होंने कहा कि, इसमें कुछ गैरकानूनी नहीं है लेकिन इन तस्वीरों की वजह से घर में कुछ असहज करने वाली बातें जरूर होने लगती हैं। चांदनी चंद्रन 2017 बैच की आईएएस अफसर हैं। फिलहाल त्रिपुरा के कंचनपुर में एसडीएम के पद पर तैनात हैं।












Click it and Unblock the Notifications