एलजी अनिल बैजल से सीएम अरविंद केजरीवाल ने की मुलाकात, कहा- साथ मिल कर काम करने की जरूरत
नई दिल्ली। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार और अफसरों के बीच तनातनी के बीच राज्य के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल अनिल बैजल से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसौदिया ने कहा कि हमने अफसरों के अड़ियल रवैए के बारे में एलजी को बताया है। उन्होंने बात करने का भरोसा दिया है। वहीं बैजल से मुलाकात के बाद केजरीवाल ने ट्वीट किया है। केजरीवाल ने कहा है कि बीते 3 दिनों से अफसर मीटिंगों में नहीं आ रहे हैं। प्रशासन में दिक्कत हो रही है। मैं बहुत ही चिंतित हूं। एलजी ने इस बात का आश्वासन दिया है कि वो यह सुनिश्चित करेंगे की अधिकारी काम पर लौट आएं। मंत्रियों ने समूह ने उन्हें हर तरह के सहयोग के लिए आश्वस्त किया है। हम सभी को दिल्ली की बेहतरी के लिए एक साथ काम करने की जरूरत है।

केजरीवाल के घर पर दिल्ली पुलिस द्वारा की गई छापेमारी पर आम आदमी पार्टी ने सख्त एतराज जताया है। आम आदमी पार्टी ने कहा कि जो आज अरविंद केजरीवाल के साथ हो रहा है कि वो कल देश में किसी के भी साथ हो सकता है। इसके साथ ही आप ने कल इस कार्रवाई के विरोध में देशव्यापी प्रदर्शन की बात की है। आप आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने कहा, 'इस देश का, इस लोकतंत्र का दुर्भाग्य है कि तानाशाह और गुंडे किस्म की मानसिकता के लोग इस देश की सत्ता और शासन पर काबिज हो गए हैं। जिनका मकसद सिर्फ देश में अराजकता और नफरत फैलाना है। आज जो दिल्ली में हो रहा है क्या वो सही हो रहा है? यह मत देखिए कि मुख्यमंत्री के घर पर छापे पड़ रहे हैं, सोचिए जो आज अरविंद केजरीवाल के साथ हो रहा है कल वो आपके साथ भी हो सकता है।'
संजय सिंह ने आगे कहा, 'हमारे मंत्री और उनके सहयोगियों के साथ दिल्ली सचिवालय में कैमरे के सामने मारपीट की गई। हमारे पास सारे साक्ष्य होने के बावजूद पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या वाकई दिल्ली पुलिस इतनी निष्पक्षता के साथ काम कर रही है। आम आदमी पार्टी ने तय किया है कि कल देश के हर जिला मुख्यालय, राज्य मुख्यालय पर इनकी तानाशाही और गुंडागर्दी का विरोध प्रदर्शन करेगी।' वहीं आप नेता आशुतोष ने पुलिसिया कार्रवाई पर सवाल उठाके हुए कहा, 'घटना की पूछताछ के लिए पुलिस CM आवास गई। पूछताछ में पुलिस ने पूछा कि किसने पेंट किया, कहां पेंट किया? इस घटना का पेंट से क्या लेना -देना? मुख्यमंत्री के घर जाकर कौन पुलिस वाला ऐसी पूछताछ करता है? ये दिल्ली पुलिस है। ऐसी दिल्ली पुलिस से आप न्याय की उम्मीद करते हैं?'












Click it and Unblock the Notifications