जब आगरा तक घुस आए थे पाकिस्तान के लड़ाकू विमान, पढ़ें Lucknow-Agra Expressway ड्रिल के Facts
नोएडा। उत्तर प्रदेश के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर आज युद्ध जैसा नजारा था। एयरफोर्स के एक दर्जन से अधिक लड़ाकू विमानों के साथ ही चार मालवाहक विमान की लैंडिग तथा टेक-ऑफ देखकर वहां मौजूद लोगों ने दांतों तले उंगली दबा ली। दरअसल युद्ध में आपात स्थिति से निपटने के लिए लड़ाकू विमानों की यह एक्सरसाइज थी। एक्सरसाइज की शुरुआत में सबसे पहले हरक्यूलिस C130J लैंड किया गया। उसके बाद सुखोई, मिराज, जगुआर ने अपना जलवा दिखाया। अब सवाल यह कि आखिर क्यों हाईवे पर लड़ाकू विमानों की लैंडिंग की जरूरत आ पड़ी? तो आइए आपको इस मामले के बारे में विस्तार से समझाते हैं।

युद्ध के दौरान अगर नष्ट हो गए एयरबेस तो हाईवे पर उतर सकें विमान
रिपोर्ट्स के मुताबिक युद्ध के दौरान अगर दुश्मन द्वारा एयरबेस को नुकसान पहुंचा दिया जाए तो फाइटर प्लेनों की लैंडिंग या टेकऑफ में समस्या आ सकती है। ऐसे हालात में लड़ाकू विमान उड़ान ही नहीं भर पाएंगे। इस मौके पर जरूरत होती है कि ऑप्शनल लैंडिंग एयरबेस की। इसीलिए हाईवे का इस्तेमाल किया जाता है। इसे हाईवे स्ट्रिप भी कहते हैं।

दुश्मन सबसे पहले एयर फोर्स स्टेशन को बनाते हैं निशाना
एयरफोर्स से रिटायर एक अफसर ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में बताया कि "जब दुश्मन हमला करता है तो उसका पहला निशाना हमारे एयर फोर्स स्टेशन होते हैं। दुश्मन चाहता है कि वो हमारी हवाई पट्टियों और एयरक्राफ्ट्स को मिसाइल से उड़ा दे जिससे हमारा एयर अटैक कमजोर हो जाए। हवाई पट्टी खराब होने के बाद हमारे ट्रांसपोर्ट प्लेन भी न उड़ पाएं और हम अपनी थल सेना को किसी भी तरह की मदद न पहुंचा पाएं।"

द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान पहली बार हाईवे स्ट्रिप का हुआ था प्रयोग
पहली बार हाईवे स्ट्रिप को द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जर्मनी में तैयार किया गया था। इसके अलावा नॉर्थ कोरिया, ताइवान, स्वीडन, फिनलैंड, स्विटरजरलैंड, पोलैंड और पाकिस्तान ने भी अपने कुछ हाईवे को एयर स्ट्रिप के लिए तैयार कर रखा है।

एक बार पाकिस्तानी वायुसेना आगरा एयरबेस तक पहुंच आई थी
बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक 3 दिसंबर 1971 को पाकिस्तानी वायुसेना के सैबर जेट्स और स्टार फाइटर्स विमानों ने भारतीय वायु सीमा पार कर लिया था। पाकिस्तान के फाइटर्स आगरा तक आ गए थे और आगरा के सैनिक हवाई अड्डे को टार्गेट करने की कोशिश की थी। लेकिन भारतीय वायुसेना ने उन्हें खदेड़ दिया था।

पाकिस्तान के पास है दो हाईवे स्ट्रिप
पाकिस्तान ने अपने दो हाईवे को एयरस्ट्रिप के लिए तैयार कर रखा है। पेशावर-इस्लामाबाद और इस्लामाबाद-लाहौर हाईवे पर करीब 9000 फीट का एयरस्ट्रिप पाकिस्तान के पास है। पहली बार पाक ने सन 2000 में विमान यहां उतारे थे।












Click it and Unblock the Notifications