राम मंदिर को लेकर फारूक अब्दुल्ला के बयान पर JDU नेता की प्रतिक्रिया- हिंदुओं को उपदेश देने की जरूरत नहीं
नई दिल्ली। नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता फारूक अब्दुल्ला के अयोध्या में राम मंदिर को लेकर दिए बयान पर सियासी पलटवार जारी है। अब JDU नेता पवन वर्मा ने फारुख अब्दुल्ला के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्हें हिंदुओं को उपदेश देने की जरूरत नहीं है। राम मंदिर आस्था का प्रश्न है और इस पर इसी आधार पर सोचा जा सकता है। आपको बता दें कि फारुख अब्दुल्ला ने राम मंदिर बनाने पर सवाल खड़े कर दिए। फारुख अब्दुल्ला ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण क्यों होना चाहिए जबकि राम सर्वव्याप्त हैं और पूरी दुनिया के भगवान हैं।

अब्दुल्ला ने कहा कि राम लोगों के हृदय में रहते हैं और अगर अयोध्या में मंदिर बनता भी है तो श्रीराम वहां रहने नहीं आएंगे। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए पवन वर्मा ने कहा कि 'पहले तो उन्होंने कहा कि दूसरे महत्वपूर्ण मुद्दों की अनदेखी कर राम मंदिर को तूल दिया जा रहा है। फिर उन्होंने कहा कि राम के रहने के लिए मंदिर निर्माण की कोई जरूरत नहीं है। ऐसा कहने वाले फारूक अब्दुल्ला कौन होते हैं? यह कोई इसमें और उसमें से चुनने वाली बात नहीं है। लोग मंदिर जाते हैं पूजा करने के लिए और यह लोगों का धार्मिक विश्वास है।'
जेडीयू नेता ने यह भी कहा कि सरकारों का काम है कि वह विकास कार्य करें। किसी भी देश में आस्था और विकास के सवाल को एक-दूसरे के विरोध में नहीं देखा जाता है। इन दोनों के बीच का संतुलन सही होना ही चाहिए, लेकिन हम श्री फारूक अब्दुल्ला से ऐसी कोई और सलाह नहीं सुनना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications