आयकर विभाग ने की 400 से ज्यादा बेनामी लेन-देन की पहचान, 600 करोड़ की संपत्ति कुर्क
बेनामी संपत्ति के कानून को प्रभावी ढ़ंग से लागू करने के लिए आयकर विभाग कड़ी कार्रवाई कर रहा है।
नई दिल्ली। आयकर विभाग ने जानकारी दी है कि उसने 400 से अधिक बेनामी सौदों की पहचान कर ली है। विभाग के मुताबिक बेनामी कानून के अंतर्गत कुल 240 से ज्यादा मामलों में 600 करोड़ रुपए के मूल्य की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं।

गौरतलब है कि नए बेनामी कानून को प्रभावी ढ़ंग से लागू करने के लिए विभाग की ओर से पूरे देश में 24 बेनामी निषेध इकाइयां स्थापित की गई ताकि जमीन का क्रियान्वन बेहतर ढ़ंग से हो सके।
विभाग की ओर से कहा गया है कि 40 मामलों में कोलकाता, मुंबई, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश से 530 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत की अचल संपत्ति कुर्क की गई है।
ताकि हो सके काली कमाई का खुलासा
विभाग ने जानकारी दी कि बीते एक महीने में 10 सरकारी अधिकारियों के यहां भी तलाशी अभियान चलाया गया, ताकि भ्रष्टाचार से की गई काली कमाई का खुलासा किया जा सके।
बुधवार को विभाग की ओर से जो जानकारी उपलब्ध कराई गई है उसके अनुसार जयपुर में एक बेनामीदार ड्राइवर निकला जिसके नाम पर 7.7 करोड़ रुपए की जमीन पाई गई। ऐसा ही मामला राजस्थान में सामने आया जहां एक सर्राफ ने अपने ही पूर्व कर्मचारी के नाम अचल संपत्तियां रखी थीं।
एक अधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार 'इनकम टैक्स डायरेक्टरेट्स ऑफ इन्वेस्टिगेशन की ओर से 23 मई 2017 तक 400 से ज्यादा बेनामी लेन-देन का पता लगाया गया है। इनमें बैंक खाते, जमीन फ्लैट और जेवरात शामिल हैं।'












Click it and Unblock the Notifications