हैदराबाद डॉक्टर मर्डर: चारों आरोपियों को लेकर खुफिया विभाग ने जारी किया बड़ा अलर्ट
खुफिया विभाग ने महिला डॉक्टर के साथ दरिंदगी करने वाले चारों आरोपियों को लेकर एक बड़ा अलर्ट जारी किया है।
नई दिल्ली। हैदराबाद के साइबराबाद इलाके में महिला डॉक्टर के साथ गैंगरेप और फिर जलाकर उसकी हत्या करने की घटना के बाद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए दोषियों को तुरंत फांसी पर लटकाने की मांग कर रहे हैं। इस बीच साइबराबाद पुलिस की स्पेशल ब्रांच और खुफिया विभाग ने महिला डॉक्टर के साथ दरिंदगी करने वाले चारों आरोपियों को लेकर स्थानीय पुलिस को एक अलर्ट जारी किया है।
Recommended Video

खुफिया विभाग ने जारी किया ये अलर्ट
दरअसल खुफिया विभाग और स्पेशल ब्रांच ने इस घटना के बाद उपजे स्थानीय लोगों के गुस्से और विरोध प्रदर्शन को देखते हुए साइबराबाद पुलिस को अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि चारों आरोपियों को हिरासत के दौरान शादनगर पुलिस स्टेशन में रखना खतरनाक हो सकता है। खुफिया विभाग की तरफ से मिले इनपुट के बाद साइबराबाद पुलिस ने तय किया है कि चारों आरोपियों को चेरलापल्ली सेंट्रल जेल में रखकर उनसे वहीं पूछताछ की जाए। आरोपियों को चेरलापल्ली सेंट्रल जेल में शिफ्ट करने को लेकर पुलिस कागजी कार्रवाई में जुट गई है।

भीड़ ने की पुलिस थाने में घुसने की कोशिश
महिला डॉक्टर के साथ दरिंदगी करने वाले चारों आरोपियों के खिलाफ लगातार बढ़ रहे लोगों के गुस्से को देखते हुए खुफिया विभाग को आशंका है कि भीड़ उत्तेजित होकर आरोपियों पर हमला कर सकती है। इसी आशंका को देखते हुए खुफिया विभाग ने स्थानीय पुलिस को एडवाइजरी जारी की है। इससे पहले शनिवार को ही कुछ लोगों की भीड़ ने पुलिस थाने में घुसने की कोशिश की थी। इसके बाद पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठी चार्ज करना पड़ा। इसके बाद जब आरोपियों को जेल में शिफ्ट किया जा रहा था, उस वक्त भी भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों का पीछा किया और पत्थर बरसाए।

भीड़भाड़ वाले इलाके में है पुलिस थाना
खुफिया विभाग की एडवाइजरी के बाद पुलिस को भी डर सता रहा है कि महबूबनगर जेल में आरोपियों के ऊपर हमला हो सकता है, इसलिए वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपियों को महबूबनगर जेल से चेरलापल्ली सेंट्रल जेल में शिफ्ट करने का फैसला लिया है। पुलिस के सामने दूसरी चिंता वाली बात ये है कि शादनगर पुलिस स्टेशन भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित है और यहां चंद मिनटों के अंदर ही भीड़ जमा हो सकती है। इस आशंका के चलते भी पुलिस आरोपियों को शादनगर पुलिस थाने में रखकर उनसे पूछताछ नहीं करना चाहती।

आरोपियों को अज्ञात जगह पर रखेगी पुलिस
इसके अलावा पुलिस अधिकारियों को एक आशंका यह भी है कि हालात का फायदा उठाने के लिए कुछ राजनीतिक दलों के लोग भी पुलिस थाने के सामने भीड़ को भड़का सकते हैं। पुलिस का कहना है कि कुछ संगठन वास्तव में घटना की निंदा करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सामने आए हैं, लेकिन कुछ लोग भीड़ को भड़काकर हिंसा फैलाना चाहते हैं। सूत्रों का कहना है कि चारों आरोपियों को उनकी हिरासत के दौरान किसी अज्ञात स्थान पर रखा जाएगा या फिर सेंट्रल जेल में ही उनसे पूछताछ की जाएगी।

जेल के सामने तैनात किए गए पिकेट
दूसरी तरफ चेरलापल्ली में पुलिस ने थाने और उसके आसपास की सुरक्षा कड़ी कर दी है। कुशाईगुड़ा पुलिस ने भी जेल के सामने पिकेट तैनात किए हैं और किसी को भी किसी तरह के विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। पुलिस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि आरोपियों पर हमले की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता और उसी को देखते हुए पुलिस जरूरी कदम उठा रही है। महिला डॉक्टर के साथ हुई हैवानियत के बाद ना केवल हैदराबाद में, बल्कि देश की राजधानी दिल्ली समेत अलग-अलग राज्यों में विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications