गुस्साई बीवी को सड़क पर मनाने लगा पति, किडनैपर समझ लोगों ने धुन दिया
नई दिल्ली। मायके गई पत्नी को सड़क पर मनाना पति को इतना महंगा पड़ा कि उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। दरअसल हुआ यह था कि वो अपनी पत्नी को मनाने के दौरान जोर-जोर से बात कर रहा था और जोर-जबरदस्ती कर रहा था। इतने में लोगों ने उसे किडनैपर समझ लिया और फिर जमकर उसकी और उसके दोस्त की धुनाई कर दी। पति चिल्ला-चिल्लाकर बताती रही कि ये मेरे पति हैं लेकिन भीड़ ने एक न सुनी और पिटाई चालू रही। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पति और उसके दोस्त को अस्पताल में भर्ती कराया जहां दोनों की हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है।

भीड़ से हो गई गलतफहमी
थाना सेक्टर 20 के एसएचओ मनोज कुमार पंत ने बताया कि पति- पत्नी के बीच आपसी विवाद है। भीड़ ने गलतफहमी में पति व उसके दोस्त की पिटाई की है। इस मामले में शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

तीन साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित दिल्ली के खिचड़ीपुर का रहने वाला है। दिल्ली के इस युवक की शादी तीन साल पहले नोएडा सेक्टर-31 स्थित निठारी में एक युवती के साथ हुई थी। शादी के बाद दंपती के दो बच्चे भी हैं। पुलिस ने बताया कि छ महीनों से पति-पत्नी के बीच किसी मद्दे पर मनमुटाव चल रहा है। विवाद ज्यादा बढ़ने पर पति से नाराज पत्नी रहने के लिए नोएडा स्थित मायके आ गई।

मनाकर घर वापस लाने गया था पति
कुछ दिनों बाद युवक अपनी पत्नी को मनाने के लिए नोएडा आया था। वह चाहता था कि पत्नी उसके साथ ससुराल चले, क्योंकि इससे बच्चे को काफी परेशानी पेश आ रही थी। पत्नी को मायके से लाने के दौरान युवक ने अपने पुराने दोस्त को भी अपने साथ ले लिया था। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, युवक नाराज पत्नी को समझा-बुझाकर साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान जब वह नहीं मानी तो पत्नी को जबरन कार में बैठाकर खिचड़ीपुर (दिल्ली) ले जाने लगा। इसी दौरान लोगों ने उसे किडनैपर समझ लिया।












Click it and Unblock the Notifications