Ujjwal Nikam Net Worth: कसाब को फांसी दिलाने वाले निकम अब पहुंचेंगे राज्यसभा, जानिए कितनी संपत्ति के हैं मालिक
Ujjwal Nikam Net Worth: भारत में कोई हाई-प्रोफाइल केस हो और उज्ज्वल निकम का नाम न आए, ऐसा शायद ही कभी हुआ हो। देश के जाने-माने सरकारी वकील उज्ज्वल देवराव निकम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। निकम कई बड़े आतंकवादी हमलों और हत्या के मामलों में सरकारी वकील रह चुके हैं।
साल 2009 से निकम को Z प्लस सुरक्षा मिली हुई है। उनकी कानूनी सेवाओं को देखते हुए भारत सरकार ने 2016 में उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया था। उज्ज्वल निकम ने 2024 का लोकसभा चुनाव भी लड़ा था, जहां वे बीजेपी के टिकट पर उत्तर मुंबई से चुनावी मैदान में उतरे थे, लेकिन कांग्रेस की वर्षा गायकवाड़ से करीब 16 हजार वोटों से हार गए थे। महाराष्ट्र सरकार ने उन्हें विशेष सरकारी वकील भी नियुक्त किया है।

मशहूर वकील की कमाई को लेकर लोग हमेशा से जिज्ञासु रहते हैं, लेकिन बहुत कम लोगों को पता होगा कि उज्ज्वल निकम की कुल संपत्ति करोड़ों में है। चुनाव आयोग को दी गई जानकारी के अनुसार उन्होंने जो रकम बताई, वह किसी बड़े बिजनेस टाइकून से कम नहीं लगती। वहीं विदेशी वेबसाइटों पर तो उनकी दौलत का आंकड़ा और भी बड़ा बताया जा रहा है।
शपथपत्र में बताया 43 करोड़ से ज्यादा के मालिक
उज्ज्वल निकम ने चुनाव आयोग को दी गई जानकारी में बताया कि उनके पास करीब ₹43.5 करोड़ की संपत्ति है। इसमें उनके और उनकी पत्नी के नाम पर मुंबई में तीन फ्लैट, बैंक खाते, सोना‑चांदी और कुछ निवेश शामिल हैं।
ऑनलाइन अंदाजा और भी ज्यादा
कुछ विदेशी वेबसाइटों का दावा है कि उज्ज्वल निकम की कुल संपत्ति करीब 7 मिलियन डॉलर, यानी भारतीय रुपए में लगभग 60 से 65 करोड़ के आसपास हो सकती है। हालांकि, इस आंकड़े की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।
एक ऐसा वकील जिसने सैकड़ों गुनहगारों को पहुंचाया अंजाम तक
देश के सबसे चर्चित और भरोसेमंद सरकारी वकीलों में शुमार उज्ज्वल निकम को हाल ही में राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है। उनका जीवन न सिर्फ कोर्टरूम में गूंजती बहसों से जुड़ा रहा है, बल्कि उनके परिवार की पृष्ठभूमि भी राष्ट्रसेवा से जुड़ी रही है।
आजादी के आंदोलन से शुरू हुआ सफर
30 मार्च 1953 को महाराष्ट्र के जलगांव में जन्मे उज्ज्वल निकम के पिता देररावजी निकम पेशे से वकील थे और बाद में जज के रूप में भी सेवाएं दीं। उनकी मां विमलादेवी स्वतंत्रता सेनानी थीं। इस तरह उनका परिवार कानून और देशभक्ति दोनों की मिसाल रहा है। उज्ज्वल निकम ने अपनी पढ़ाई पुणे यूनिवर्सिटी से BSc और फिर जलगांव के एसएस मनियार लॉ कॉलेज से कानून की पढ़ाई पूरी की। उनके बेटे अनिकेत निकम भी क्रिमिनल लॉयर हैं और मुंबई हाई कोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications