कितनी संपत्ति के मालिक हैं मनोज बाजपेयी? जानिए 'श्रीकांत तिवारी' की इनसाइड स्टोरी
एक वक्त ऐसा भी था, जब नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में एडमिशन के लिए गए मनोज बाजपेयी को तीन बार रिजेक्ट कर दिया गया था।
नई दिल्ली: आज बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी का जन्मदिन है। हाल ही में आई अपनी वेब सीरीज फैमिली मैन सीजन-2 को लेकर मनोज बाजपेयी काफी सुर्खियों में रहे। इंटेलीजेंस एजेंसी 'टास्क' के एजेंट श्रीकांत तिवारी के तौर पर मनोज बाजपेयी के किरदार को भर-भरकर तारीफें मिली हैं। हालांकि एक वक्त ऐसा भी था, जब नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में मनोज बाजपेयी को तीन बार रिजेक्ट कर दिया गया था। लेकिन, मनोज बाजपेयी ने हार नहीं मानी और अपनी बेजोड़ एक्टिंग के दम पर इंडस्ट्री में एक खास मुकाम हासिल किया। आइए जानते हैं कि कैसी है मनोज बाजपेयी की निजी जिंदगी और कितनी संपत्ति के मालिक हैं मनोज बाजपेयी?
Recommended Video

मनोज बाजपेयी के पास है इतनी संपत्ति
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मनोज बाजपेयी इस समय करीब 147 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। मनोज बाजपेयी को कारों का शौक है और उनके पास तीन गाड़ियां हैं। इनमें 41.1 लाख रुपए कीमत की बीएमडब्ल्यू 3 सीरीज, एक महिंद्रा स्कॉरपियो और टोयोटा फॉर्च्यूनर कार शामिल है। फिल्मों में उनके दमदार अभिनय के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड, नेशनल फिल्म अवॉर्ड और 2019 में पद्मश्री सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।

द्रोहकाल के जरिए की बॉलीवुड में एंट्री
मनोज बाजपेयी ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 1994 में आई फिल्म 'द्रोहकाल' के जरिए की थी। हालांकि इससे पहले फिल्म इंडस्ट्री में अपने पैर जमाने के लिए उन्हें काफी स्ट्रगल करना पड़ा। बेतिया के महारानी जानकी कॉलेज से अपनी 12वीं तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद मनोज बाजपेयी दिल्ली आ गए और रामजस कॉलेज में एडमिशन लिया।

आज भी याद है 'सत्या' का भीकू म्हात्रे
1994 में ही फिल्म बैंडिट क्वीन आई, जिसमें मनोज बाजपेयी ने डकैत मानसिंह का किरदार निभाया। हालांकि मनोज बाजपेयी को असली पहचान मिली 1998 में रिलीज हुई फिल्म 'सत्या' से, जिसमें उन्होंने गैंगस्टर भीकू म्हात्रे की भूमिका निभाकर सुर्खियां बटोरीं। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी हिट साबित हुई और इसके बाद मनोज बाजपेयी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। सत्या फिल्म के लिए उन्हें नेशनल फिल्म अवॉर्ड भी मिला। इसके बाद मनोज बाजपेयी ने कई हिट फिल्में दी, जिनमें पिंजर, एलओसी कारगिल, गैंग्स ऑफ वासेपुर, स्पेशल 26 और राजनीति शामिल हैं।

कौन हैं मनोज बाजपेयी की पत्नी
मनोज बाजपेयी ने 2006 में एक्ट्रेस शबाना रजा से शादी की, जिन्हें फिल्म इंडस्ट्री में नेहा बाजपेयी के नाम से जाना जाता है। मनोज और नेहा की एक बेटी है, जिसका नाम अवा नायला है। नेहा बाजपेयी ने अपने एक्टिंग करियर की शुरूआत 1998 में अभिनेता बॉबी देओल के साथ फिल्म 'करीब' से की थी। इसके अलावा उन्होंने फिल्म होगी प्यार की जीत, फिजा, राहुल और आत्मा में भी काम किया है।

क्या है फैमिली मैन 2 की कहानी
अमेजन प्राइम पर रिलीज हुई वेब सीरीज फैमिली मैन-2 में मनोज बाजपेयी ने इंडियन इंटेलीजेंस एजेंसी टास्क के एक सीक्रेट एजेंट 'श्रीकांत तिवारी' का किरदार निभाया है। सीरीज में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़ा मेजर समीर चेन्नई में एक बम धमाके के जरिए श्रीलंका के तमिल विद्रोही नेता भास्करन के भाई सुब्बु की हत्या करा देता है। इसके बाद भास्करन से ही मिलकर मेजर समीर भारत की प्रधानमंत्री बासु पर एक हमला प्लान करता है। इस हमले को अंजाम देने के भास्करन की टीम से राजी (सामंथा) को चुना जाता है और हमले को नाकाम करने की जिम्मेदारी श्रीकांत तिवारी के कंधों पर आ जाती है।

कब आएगी फैमिली मैन-3, हुआ खुलासा
फैमिली मैन-2 देखने के बाद दर्शकों को बेसब्री से इसके तीसरे सीजन का इंतजार है। हालांकि अभी फैमिली मैन-3 की शूटिंग शुरू नहीं हुई है, लेकिन मनोज बाजपेयी ने इसका खुलासा कर दिया है कि सीरीज का तीसरा सीजन कब आएगा। एंटरटेनमेंट वेबसाइट 'बॉलीवुड बबल' को दिए एक इंटरव्यू में मनोज बाजपेयी ने बताया कि लॉकडाउन खुलने के बाद फैमिली मैन के सीजन 3 की शूटिंग शुरू की जाएगी और अगर सबकुछ ठीक रहा तो करीब डेढ़ साल में तीसरा सीजन तैयार हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications