No Confidence Motion: आजादी के बाद अबतक कितनी बार लाया गया अविश्वास प्रस्ताव?
No Confidence Motion: लोकसभा में मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। अहम बात यह है कि यह अविश्वास प्रस्ताव ऐसे समय में लाया गया है जब मोदी सरकार के पास पूर्ण बहुमत है।
ऐसे में सवाल यह उठता है कि आखिर विपक्ष यह अविश्वास प्रस्ताव क्यों लेकर आई। दरअसल मणिपुर मुद्दे को लेकर विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है। विपक्ष मांग कर रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर संसद के भीतर अपना बयान दें और इस मुद्दे पर चर्चा करें।

27 बार लाया गया अविश्वास प्रस्ताव
इससे पहले भी कई बार सरकार के खिलाफ विपक्ष सदन में अविश्वास प्रस्ताव लेकर आया है। अभी तक कुल 27 बार सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जा चुका है। आज से पहले आखिरी बार जुलाई 2018 में मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। हालांकि यह अविश्वास प्रस्ताव गिर गया था और इसके पक्ष में 126 वोट पड़े थे, जबकि इसके खिलाफ 325 सांसदों ने वोट किया था।
सबसे पहले किसके खिलाफ आया अविश्वास प्रस्ताव?
सबसे पहले देश में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव जवाहर लाल नेहरू के खिलाफ लाया गया था। यह प्रस्ताव समाजवादी नेता आचार्य कृपलानी लाए थे। हालांकि यह गिर गया था, इसके खिलाफ 347 लोगों ने वोट दिया था। इस अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 62 वोट पड़े थे।
किस सरकार के खिलाफ कितने प्रस्ताव?
लोकसभा में सबसे अधिक बार इंदिरा गांधी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। उनके खिलाफ 15 बार अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। लाल बहादुर शास्त्री सरकार के खिलाफ तीन बार और नरसिंह राव सरकार के खिलाफ 3 बार अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था।
वहीं राजीव गांधी, वीपी सिंह, चौधरी चरण सिंह, मनमोहन सिंह सरकार के खिलाफ 1-1 बार अविश्वास प्रस्ताव लाया जा चुका है। वहीं मोदी सरकार के खिलाफ यह दूसरा अविश्वास प्रस्ताव है।
किसकी सरकारें गिरी?
अविश्वास प्रस्ताव के चलते तीन बार सरकारें गिर चुकी हैं। 1990 में वीपी सिंह सरकार, 1997 में एचडी देवेगौड़ा सरकार और 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार को अविश्वास प्रस्ताव के चलते सत्ता से बाहर होना पड़ा था।
क्या है मौजूदा स्थिति
फिलहाल लोकसभा के नंबर की बात करें तो भाजपा के पास 301 सांसद हैं, जबकि एनडीए के पास 333 सांसद हैं। विपक्ष की बात करें तो उसके पास लोकसभा में 142 सांसद है। जिसमे से सबसे सअधिक कांग्रेस के पास हैं। कांग्रेस के पास 50 सांसद हैं। ऐसे में साफ है कि यह अविश्वास प्रस्ताव आसानी से सदन में गिर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications