IAS टॉपर शुभम कुमार को UPSC में मिले कुल कितने नंबर ? टॉप 15 उम्मीदवारों का पूरा रिजल्ट यहां देखिए
नई दिल्ली, 29 सितंबर: यूपीएससी ने साल 2020 की सिविल सर्विस परीक्षा के लिए कुल 761 उम्मीदवारों के नामों की सिफारिश विभिन्न अखिल भारतीय सेवाओं और एलाइड सेवाओं के लिए केंद्र सरकार को भेजी है। इनमें 545 पुरुष और 216 महिलाएं हैं। अब संघ लोक सेवा आयोग ने उन सभी चयनित उम्मीदवारों की ओर से इस प्रतिष्ठित परीक्षा में हासिल अंक भी जारी कर दिए हैं, जिसे सफल उम्मीदवार यूपीएससी की वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। हम यहां पर आपको इस बार के आईएएस टॉपर शुभम कुमार समेत टॉप के 15 सफल प्रतियोगियों के अंक बता रहे हैं।

आईएएस टॉपर शुभम कुमार को मिले कुल 1,054 नंबर
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में इस बार आईआईटी बॉम्बे से पढ़े बिहार के शुभम कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया है। इस चुनौतीपूर्ण परीक्षा में उन्हें कुल 52.04% फीसदी अंक प्राप्त हुए हैं। यूपीएससी के आंकड़ों के मुताबिक मुख्य परीक्षा में उन्हें कुल 1,054 नंबर मिले हैं। इसमें 878 अंक उन्होंने लिखित परीक्षा में और 176 पर्सनलिटी टेस्ट (इंटरव्यू) में हासिल किए हैं। दूसरा रैंक हासिल करने वाली जागृति अवस्थी ने कुल 51.95% नंबर प्राप्त किए हैं। उन्हें कुल 1,052 नंबर मिले हैं, जिसमें 859 मेन्स परीक्षा में और 193 साक्षात्कार में आए हैं। यानी वह शुभम से सिर्फ 2 अंक पीछे रही हैं।

यूपीएससी के टॉप 15 सफल प्रतियोगियों को प्राप्त अंक
- तीसरे स्थान पर रहीं अंकिता जैन को कुल 1,051 नंबर मिले हैं। उन्होंने मेन्स में 839 और इंटरव्यू में 212 नंबर पाए हैं।
- चौथा स्थान: यश जलुका- कुल अंक- 1,046 (मेन्स-851, इंटरव्यू- 195)
- पांचवां स्थान: ममता यादव- कुल अंक- 1,042 (मेन्स- 855, इंटरव्यू- 187)
- छठा स्थान: मीरा के- कुल अंक- 1,041 (मेन्स-835, इंटरव्यू- 206)
- सातवां स्थान: प्रवीण कुमार- कुल अंक-1,041 (मेन्स- 848, इंटरव्यू- 193)
- आठवां स्थान: जीवनी कार्तिक नागजीभाई- कुल अंक- 1,040 (मेन्स-858, इंटरव्यू-182)
- नौवां स्थान: अपाला मिश्रा- कुल अंक- 1,031 (मेन्स-816, इंटरव्यू- 215)
- 10वां स्थान: सत्यम गांधी- कुल अंक- 1,028 (मेन्स- 827, इंटरव्यू- 201)
- 11वां स्थान: देव्यानी- कुल अंक- 1,024 (मेन्स- 842, इंटरव्यू- 182)
- 12वां स्थान: मिथुन प्रेमराज- कुल अंक- 1,024 (मेन्स- 845, इंटरव्यू- 179)
- 13वां स्थान: गौरव बुदानिया- कुल अंक- 1,023 (मेन्स- 850, इंटरव्यू- 173)
- 14वां स्थान: करिश्मा नायर- कुल अंक- 1,021 (मेन्स- 834, इंटरव्यू- 187)
- 15वां स्थान- रिया डाबी- कुल अंक- 1,021 (मेन्स- 859, इंटरव्यू- 162)
(ऊपर की तस्वीर दूसरा रैंक प्राप्त करने वाली जागृति अवस्थी की है)

तीन चरणों में होती है सिविल सेवा परीक्षा
सिविल सेवा की परीक्षा हर साल संघ लोक सेवा आयोग आयोजित करता है, जिसके तीन चरण होते हैं। प्रारंभिक, मुख्य या लिखित परीक्षा और साक्षात्कार। इस परीक्षा में सफल उम्मीदवारों की नियुक्ति भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय विदेश सेवा और भारतीय पुलिस सेवा के अलावा केंद्र सरकार की तमाम उच्च सेवाओं के लिए की जाती हैं। इस बार इस प्रतोयोगी परीक्षा में टॉप करने वाले बिहार के शुभम कुमार की उम्र मात्र 24 साल है और उन्होंने इसे तीसरे प्रयास में हासिल किया है। पिछले साल उनका चयन इंडियन डिफेंस अकाउंट्स सर्विस के लिए हुआ था और वह इस समय पुणे स्थित नेशनल अकैडमी ऑफ डिफेंस फाइनेंशियल मैनेजमेंट की ट्रेनिंग ले रहे हैं।

बिहार के हैं शुभम कुमार
आईआईटी बॉम्बे से सिविल इंजीनियरिंग में ग्रैजुएट शुभम बिहार के कटिहार के रहने वाले हैं और 2020 की सिविल सेवा परीक्षा के लिए उन्होंने वैकल्पिक विषय के तौर पर एंथ्रोपोलॉजी रखा था। उन्होंने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा है, 'मेरा सपना आईएएस बनने का था, क्योंकि यह लोगों की बेहतरी के लिए काम करने का बड़ा प्लेटफॉर्म देता है। मैं वंचित लोगों के लिए खासकर के ग्रामीण इलाकों में काम करना चाहूंगा।' उन्होंन गरीबी हटाने और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications