अशिक्षित व्यक्ति कैसे एक अच्छा नागरिक बन सकता है? बोले गृह मंत्री
नई दिल्ली, अक्टूबर 11: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने हालिया इंटरव्यू में लोगों को शिक्षित किए जाने पर जोर दिया है। रविवार को दिए इंटरव्यू में अमित शाह ने सवाल उठाते हुए कहा है कि एक अशिक्षित व्यक्ति एक अच्छा नागरिक कैसे बन सकता है, क्योंकि उसे अपने मौलिक अधिकारों तक की जानकारी नहीं होती। आपको बता दें कि अमित शाह रविवार को संसद टीवी को अपना पहला इंटरव्यू दे रहे थे। इस दौरान अमित शाह ने बताया कि किस तरह पीएम नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक सरकार का नेतृत्व करते हुए स्कूलों में अपना योगदान दिया है।
Recommended Video

अमित शाह ने कहा कि जब आप इसका मूल्यांकन करेंगे तो पता चलेगा कि किसी राष्ट्र की प्रगति में एक शिक्षित व्यक्ति का बहुत बड़ा योगदान होता है। उन्होंने कहा कि एक अशिक्षित व्यक्ति को अपने संविधान के बारे में कुछ नहीं पता होता। साथ ही वो अपने मौलिक अधिकारों से भी अनजान रहता है। ऐसा व्यक्ति कैसे एक अच्छा नागरिक बन सकता है?
नरेंद्र मोदी ने गुजरात में स्कूल छोड़ने की दर को किया था कम
अमित शाह ने कहा कि जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तो उस वक्त राज्य में स्कूल छोड़ने की दर एक बहुत बड़ी समस्या थी। उन्होंने एक त्यौहार की तरह नामांकन प्रक्रिया शुरू की। उस वक्त नरेंद्र मोदी ने माता-पिता की एक समिति बनाई। अगर कोई बच्चा स्कूल नहीं आता है तो इस पर विचार किया जाता था। शिक्षकों की जिम्मेदारी तय की गई। नतीजा यह हुआ कि स्कूल छोड़ने की दर 37 फीसदी से गिरकर 1 फीसदी से भी कम हो गई।
लोकतांत्रिक तरीके से काम करते हैं पीएम मोदी- अमित शाह
इस दौरान अमित शाह ने पीएम मोदी को एक 'लोकतांत्रिक नेता' बताते हुए कहा कि उनके आलोचक भी इस बात से सहमत होंगे कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कभी भी इस तरह के लोकतांत्रिक तरीके से काम नहीं किया है जैसा कि वर्तमान सरकार में हो रहा है। अमित साह ने इस दौरान पीएम पर 'निरंकुश नेता' के रूप में लगने वाले आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि मोदी राष्ट्रीय हित में फैसलों के लिए राजनीतिक जोखिम लेने से कभी नहीं हिचकिचाते।












Click it and Unblock the Notifications