गृह मंत्रालय ने राज्यों को लिखी चिट्ठी, कहा- सख्ती से लागू करें कोरोना से बचाव के नियम
केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को चिट्ठी लिखकर कोरोना की रोकथाम के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।
नई दिल्ली, 14 जुलाई। केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को चिट्ठी लिखकर कोरोना की रोकथाम के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों और प्रशासकों को लिखे पत्र में भल्ला ने कहा कि वह जिले और अन्य स्थानीय अधिकारियों को भीड़-भाड़ वाले स्थानों को नियंत्रित करने और कोरोना प्रबंधन के लिए आवश्यक उपाय करने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी करें।
Recommended Video

उन्होंने पत्र में कहा कि कोरोना के मामलों की घटती संख्या के के कारण राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने पाबंदियों को हटाना शुरू कर दिया है। लेकिन इन पाबंदियों को सावधानीपूर्वक हटाया जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों विशेष रूप से सार्वजनिक परिवहन और पहाड़ी इलाकों में कोरोना के निशा-निर्देशों के भारी उल्लंघन की खबरें आई हैं। बाजारों में भारी भीड़ देखने को मिली है, लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण कुछ राज्यों में कोरोना के मामले फिर से बढ़े हैं, जोकि चिंता का विषय है।
यह भी पढ़ें: मसूरी: पर्यटकों की भारी भीड़ के बीच 3 लोग मिले कोरोना संक्रमित, मरीजों के संपर्क में आए 17 लोग
हम सभी को यह ध्यान में रखना होगा कि यदि रिप्रोडक्शन नंबर (कोरोना की प्रजनन दर) 1.0 से ज्यादा हो जाता है तो यह कोरोना के फैलने का संकेत है। इसलिए अधिकारियों को इसके प्रति सावधान रहने की जरूरत है। कोरोना पर काबू पाने के लिए भीड़-भाड़ वाली जगहों, दुकानों, मॉल्स, बाजार, रेस्त्रा एवं बार मंडियों, रेलवे स्टेशनों, जिम, बैंक्वेट हॉल आदि स्थानों पर सख्त नियम लागू करने की जरूरत है क्योंकि इन्हीं स्थानों को कोरोना वायरस के हॉटस्पॉट के तौर पर चिन्हित किया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि कोरोना की दूसरी लहर अभी खत्म नहीं हुई है। हमें यह समझना होगा कि जब तक प्रत्येक व्यक्ति को वैक्सीन नहीं लग जाती हमें ढिलाई नहीं बरतनी है। कोरोना को लेकर टेस्टिंग को हमें लगातार रखना है और तेज गति से जारी रखना है।
भल्ला ने आगे कहा कि कोरोना पर काबू पाने के लिए हमें पांच गुना रणनीति टेस्ट-ट्रैक-ट्रीट-वैक्सीनेशन और पालन पर काम करना होगा। अंत में अजय भल्ला ने लिखा कि मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि आप संबंधित अधिकारियों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर कोरोना को लेकर सख्त दिशा-निर्देशों का पालन करवाने का आदेश जारी करें और किसी भी प्रकार की ढिलाई के लिए अधिकारी को जिम्मेदार ठहराएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही हमें दोबारा परेशानी में डाल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications