जुलाई से स्कूल-कॉलेज खुलने की खबरों का गृह मंत्रालय ने किया खंडन, कहा-अभी फैसला नहीं हुआ
नई दिल्ली। कोरोना महामारी को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन के चलते लगभग तीन महीने से देश में सभी शिक्षण संस्थान बंद हैं। इसी बीच ये खबर सामने आई कि, जुलाई महीने में स्कूल और कॉलेज खोलने पर सरकार विचार कर रही है। ग्रीन जोन में 30 फीसदी बच्चों के साथ 8वीं से 12वीं क्लास तक के शिक्षण संस्थान फिर से खोले जा सकते हैं। अब गृह मंत्रालय ने इस तरह की खबरों का खंडन किया है।

गृह मंत्रालय की ओर से पीआईबी द्वारा मंगलवार देर रात जारी बयान में कहा गया है कि, स्कूल और कॉलेज खोलने पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है और देश भर के सभी शिक्षण संस्थानों को अभी भी खोलने पर रोक है। पीआईबी ने गृह मंत्रालय के हवाले से जानकारी दी है कि स्कूलों के खुलने वाली सभी खबरें गलत हैं। बता दें कि देशभर में होली के बाद से ही शिक्षण संस्थान बंद हैं।

मीडिया में ऐसी खबरें आईं थी कि, वैश्विक महामारी कोविड-19 के लॉकडाउन के बाद जुलाई में स्कूल और कॉलेज खुल सकते हैं। हालांकि शिक्षण संस्थान खुलने पर प्राइमरी कक्षा तक के छात्रों के स्कूल आने पर रोक संभव है। शिक्षण संस्थानों को खोलने और दाखिला प्रवेश परीक्षा से लेकर बोर्ड परीक्षा से ठीक पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के तहत मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने सेफ्टी गाइडलाइन तैयार कर ली हैं। इसमें स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी को लेकर अलग-अलग गाइडलाइन होगी।












Click it and Unblock the Notifications