गृह मंत्री अमित शाह नक्सली हमले के बाद पहुंचे छत्तीसगढ़, शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि
गृह मंत्री अमित शाह नक्सली हमले के बाद पहुंचे छत्तीसगढ़, नक्सली हमले में 23 जवान हुए हैं शहीद
रायपुर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज सोमवार (05 अप्रैल) को छत्तीसगढ़ के सुकमा-बीजापुर बॉर्डर का दौरा करने के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। बस्तर रेंज के सुकमा-बीजापुर बॉर्डर पर नक्सलियों ने सुरक्षाकर्मियों पर शनिवार (03 अप्रैल) को हमला किया था। छत्तीसगढ़ पहुंचते ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सली हमले में 23 शहीद जवानों में से 14 सुरक्षा कर्मियों को जगदलपुर में श्रद्धांजलि दी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी अमित शाह के साथ जवानों को श्रद्धांजलि दी। अमित शाह सुकमा-बीजापुर बॉर्डर का दौरा करने के बाद घायल जवानों से अस्पताल में मिलने जाएंगे।

Recommended Video
23 जवान हुए शहीद और 31 घायल
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर और सुकमा सीमा पर हुई मुठभेड़ में 23 जवान शहीद हो गए हैं। हालांकि एक जवान की इसमें ये नाम के अलावा बाकी चीजों की पहचान नहीं हो पाई है। जबकि 31 अन्य जवान घायल हुए हैं। ये साल 2021 की अब तक की सबसे बड़ी नक्सली घटना बताई जा रही है। नक्सली हमले के बाद अमित शाह ने रविवार की शाम दिल्ली में एक हाई-लेवल की मीटिंग भी की थी।
22 शहीद जवानों के शव किए गए बरामद
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने रविवार (04 अप्रैल) को जानकारी दी है कि नक्सली हमले वाले घटनास्थल से अबतक 22 जवानों के शव बरामद हुए हैं। जिसमें से डीआरजी के 8 जवानों, सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन के 7 जवानों, सीआरपीएफ के बस्तरिया बटालियन के 1 जवान और एसटीएफ के 6 जवानों के शव को बरामद कर लिया गया है। कोबरा बटालियन का एक जवान अब भी लापता है।
असम में चुनाव प्रचार को रोक दिल्ली में अमित शाह ने की हाई लेवल की बैठक
अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के हमले के बाद राज्य में सुरक्षा हालात की समीक्षा के लिए रविवार को एक हाई लेवल की मीटिंग की थी। दिल्ली में हुई इस बैठक में केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला , खुफिया ब्यूरो के निदेशक अरविंद कुमार, गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के अधिकारियों ने बैठक में हिस्सा लिया था।
छत्तीसगढ़ नक्सली हमले की जानकारी मिलने पर अमित शाह ने असम का चुनावी दौरा बीच में ही रद्द कर दिया और आनन-फानन में दिल्ली आ गए थे। गृह मंत्री ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से बातचीत करके भी रविवार को हालात का जायजा लिया था।












Click it and Unblock the Notifications