पंजाब के अकाली दल की NDA में होने जा रही 'घर वापसी'? अमित शाह ने दिए बड़े संकेत
Amit Shah on Shiromani Akali Dal: लोकसभा चुनाव से पहले एनडीए का कुनबा लगातार बढ़ रहा है। बिहार में नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू वापस लौट आई है। यूपी में जयंत चौधरी की आरएलडी से बातचीत अंतिम दौर में चल रही है। इसी के साथ आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू की पार्टी टीडीपी के भी कदम एनडीए की तरफ बढ़ रहे हैं। इस बीच अब जल्द पंजाब में भी अकाली दल की बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA में 'घर वापसी' हो सकती है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि बीजेपी राजनीति में "परिवार नियोजन" पर विश्वास नहीं करती है और हमेशा नए सहयोगियों का स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल के साथ बातचीत चल रही है।

दलों को लेकर क्या बोले शाह?
ईटी नाउ ग्लोबल बिजनेस समिट 2024 में जयंत सिंह के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी), शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) और अन्य क्षेत्रीय दलों के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल होने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर गृह मंत्री ने कहा, "हम परिवार नियोजन में विश्वास करते हैं, लेकिन राजनीति में नहीं।"
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हम हमेशा चाहते हैं कि हमारा गठबंधन बढ़े और हम हमेशा नए सहयोगियों का स्वागत करते हैं। जनसंघ के दिनों से हमारी विचारधारा वही रही है। जो लोग हमसे जुड़ना चाहते हैं वे आ सकते हैं।
वहीं शिरोमणि अकाली दल के शामिल होने की संभावना को लेकर फिर से पूछे जाने पर शाह ने कहा कि वार्ता जारी है, लेकिन कुछ भी तय नहीं हुआ है।
2018 में तोड़ा था गठबंधन
बता दें कि सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व वाला शिरोमणि अकाली दल सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों को लेकर एनडीए से बाहर हो गया था। वहीं 2018 में एनडीए छोड़ने वाली टीडीपी या वाईएसआर कांग्रेस के साथ हाथ मिलाने की संभावना पर शाह ने कहा कि ऐसे मंचों पर हर बात का खुलासा नहीं किया जाता है। कुछ समय इंतजार करें। सब कुछ सबके लिए स्पष्ट हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications