बिपरजॉय से निपटने पर गृहमंत्री शाह ने की टीम वर्क की सराहना, कहा- चक्रवात में नहीं गई एक भी जान
गृहमंत्री अमित शाह ने चक्रवात बिपरजॉय के बाद हवाई सर्वेक्षण किया।
गुजरात में आए चक्रवात बिपरजॉय से प्रभावित इलाकों का गृहमंत्री अमित शाह ने हवाई सर्वेक्षण किया। साथ ही केंद्रीय एजेंसियों और राज्य सरकार की टीम वर्क की सराहना की। इस दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि इस शक्तिशाली चक्रवात के दौरान एक भी जान नहीं गई।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि चक्रवात बिपरजोय के कारण किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है। गुजरात सरकार और केंद्र की टीमों ने जिस तरह से लोगों की जान बचाने के लिए काम किया, वो टीम वर्क का एक उदाहरण है।

उन्होंने आगे कहा कि चक्रवात के दौरान लगभग 234 जानवरों की मौत हो गई। वहीं, इस चक्रवात में 47 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। पीएम मोदी ने चक्रवात के लैंडफॉल से पहले ही सभी व्यवस्था करने का आदेश दे दिया था। पीएम ने खुद राज्य सरकार और एजेंसियों से तैयारियों के बारे में चर्चा की थी।
अमित शाह ने ये भी कहा कि अब प्राथमिकता बिजली, पानी की आपूर्ति बहाल करना और आश्रय में रहने वाले लोगों को उनके घरों में भेजना है। चक्रवात से उठी तेज हवाओं के कारण बिजली के खंभे उखड़ जाने से कई कस्बे और सैकड़ों गांव अंधेरे में डूब गए। सरकार अगले तीन दिनों में चक्रवात प्रभावित सभी क्षेत्रों में बिजली बहाल करने की उम्मीद कर रही है। साथ ही 20 जून तक लोगों को उनके घरों में वापस स्थानांतरित करने का लक्ष्य है।
अमित शाह ने कहा कि जिन 3,400 गांवों में बिजली आपूर्ति काटी गई थी, उनमें से 1,600 गांवों में बिजली बहाल कर दी गई है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों में 20 जून तक बिजली पूरी तरह से बहाल कर दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications