HMT Watches Return: एचएमटी की ऐतिहासिक वापसी, खास घड़ी के लिए बंगलोर में शोरूम के बाहर 2.5 किमी लंबी लाइन
HMT Watches Return: एक समय भारत में हर कलाई की शोभा बढाने वाली हिंदुस्तान मशीन टूल्स यानी कि HMT घड़ी क़्वार्ट्ज़, ऑटोमेटिक, डिजिटल और स्मार्ट वाच की दौर में पिछड़ गई थी। बंगलोर स्थित एचएमटी की फैक्ट्रियान बीरान सी लगने लगी थी, एचएमटी ले आउट एक लैंडमार्क हो कर रह गया था। अचानक कंपनी ने ऐसा गियर बदला की एचएमटी की नई घड़ी लेने के लिए बंगलोर में शोरूम के बाहर मीलों लंबी लाइन लग गई। आखिर ये करिश्मा क्या था और कैसे हुआ, जानते हैं इस आलेख में।
भारत के सिलिकॉन वैली के नाम से मशहूर शहर बंगलोर में HMT के आउटलेट्स के बाहर जो नजारा दिखा, उसने सोशल मीडिया से लेकर कॉर्पोरेट गलियारों तक हलचल मचा दी है। लोग ई-कॉमर्स के दिवाली महासेल में मिलने वाले हैवी डिस्काउंट को छोड़ कर गार्डन सीटी के एचएमटी की इस स्पेशल एडिशन कलाई-घड़ी को खरीदने के लिए तकरीबन 2 से 2.5 किलोमीटर लंबी कतारों से भी गुरेज नहीं कर रहे।

आखिर क्या है इन घड़ियों में खास!
HMT घड़ियों के लिए अचानक उमड़ी दीवानगी की मुख्य वजह इसका स्पेशल डिजायन है। कंपनी द्वारा हाल ही में लाए गए कलाई-घड़ी की इस स्पेशल सीरीज में कार्नाटक प्रदेश के सांस्कृतिक और राजकीय प्रतीक 'गंडकभेरूंड' को प्रमुखता से उकेरा गया है। इसके साथ ही डायल पर रोमन या पारंपरिक अंग्रेजी के अंकों के स्थान पर कन्नड़ अंकों का इस्तेमाल किया गया है जिसके कारण ये घड़ियां कन्नड़ अस्मिता और विरासत का अनूठा संगम बन गई हैं।
यह लेगेसी डिजाइन लोकल प्राइड यानी कन्नड़ अस्मिता के साथ सीधा भावनात्मक तार जोड़ता है। यही कारण है कि बेंगलुरु के जलाहल्ली स्थित HMT फैक्ट्री आउटलेट और अन्य चुनिंदा स्टोर्स पर अहले सुबह से ही खरीदारों की लंबी कतार लग गई। भीड़ इतनी बेकाबू और लंबी थी कि देखते ही देखते स्टॉक मिनटों में बिक गया लेकिन लोग फिर भी पंक्तियों में बने रहे।
HMT शोरूम पर क्यों उमड़ रही है भीड़? क्या हैं इसके मायने?
वनइंडिया कन्नडा की संपादक निरुपमा एस का का मानना है कि इस कतार के पीछे सिर्फ एक घड़ी खरीदने की इच्छा नहीं है, बल्कि इसके तीन बड़े मनोवैज्ञानिक और सांस्कृतिक कारक हैं:
1. नोस्टाल्जिया और पुराना विश्वास: एक दौर था जब भारत में घड़ी का मतलब सिर्फ 'HMT' होता था। बुजुर्गों के लिए यह पुरानी यादों को ताजा करने जैसा है, तो वहीं नई पीढ़ी के लिए यह किसी विंटेज विरासत को सहेजने का अवसर।
2. क्षेत्रीय पहचान का गौरव: घड़ी जैसी वैश्विक वस्तु पर जब कन्नड़ अंकों और मैसूर साम्राज्य के प्रतीक 'गंडकभेरूंड' को ढाला गया, तो यह कलेक्ट्रर्स आइटम बन गई। लोग इसे सिर्फ पहनने के लिए नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति के प्रतीक के रूप में संभाल कर रखना चाहते हैं।
3. कमबैक की ताकत: एक समय था जब निजी कंपनियों के आने और वित्तीय घाटे के चलते HMT के दिन बुरे आ गए थे और उत्पादन लगभग ठप हो गया था। ऐसे में लिमिटेड एडिशन और सांस्कृतिक रूप से जुड़ी थीम के जरिए ब्रांड ने खुद को बाजार में प्रासंगिक बना लिया है।
क्या होता है गंडकभेरूंड? कैसे बना कर्नाटक का राजकीय प्रतीक?
'गंडकभेरूंड' या गंडभेरुंड एक पौराणिक पक्षी है जिसे अत्यंत तेज और काफी ताकतवर माना जाता है। यह दक्षिण भारत, खासकर कर्नाटक की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक अस्मिता का सबसे ताकतवर प्रतीक है। इसे आसान शब्दों में कहें तो यह अथाह शक्ति, सुरक्षा और क्षेत्रीय गौरव का वह पौराणिक चिह्न है।
इतिहास के पन्ने पलटने पर सबसे पहले राजा गंडभेरूंड की आकृति का इस्तेमाल विजयनगर साम्राज्य के राजा अच्युत देव राय के सोने के सिक्कों पर मिलते हैं। इसके बाद मैसूर के वाडियार राजवंश ने इसे अपना शाही-निशान बनाया और फिर कर्नाटक राज्य के अस्तित्व में आने के बाद यही गंडभेरूंड सांस्कृतिक रूप से समृद्ध कर्नाटक का राज्य चिह्न बन गया। एक आम कन्नडिगा के लिए यह प्रतीक सिर्फ इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि उनकी सांस्कृतिक पहचान, स्वाभिमान और विरासत का जीवंत प्रमाण है।
पौराणिक मान्यताओं में गंडकभेरूंड
'गंडकभेरूंड' एक दो सिर वाला विशालकाय पौराणिक पक्षी है, जिसकी चोंच में इतनी ताकत मानी जाती है कि वह हाथियों तक को उठाने की क्षमता रखता है। हिंदू पौराणिक कथाओं और दक्षिण भारतीय मान्यताओं के अनुसार, यह भगवान विष्णु के उग्र 'नरसिंह' अवतार से जुड़ा हुआ एक रूप माना जाता है। जब ब्रह्मांड में बुराइयों का सर्वनाश करने के बाद भी नरसिंह अवतार का क्रोध शांत नहीं हुआ, तब इस अलौकिक दो-मुंहे वाले गंडभेरुंड की परिकल्पना की गई, जो अनंत शक्ति और संतुलन का प्रतीक बना।
HMT का क्रेज पहुंचा सत्ता के गलियारे - केंद्रीय मंत्री ने जी भर सराहा
इस अभूतपूर्व क्रेज पर केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने भी सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर करते हुए HMT की विरासत को याद किया। कर्नाटका राज्योत्सव के अवसर पर कन्नडा स्मिता की परिचायक स्पेशल सीरीज की घडियां कन्नडिगा कार्यकर्त्ताओं को देते हुए केंद्रीय भारी उद्योग और इस्पात मंत्री एचडी कुमारास्वामी ने कहा कि यह ब्रांड हमेशा से भारतीयों के दिलों के करीब रहा है और इसकी यह नई पहल देश की तकनीकी और सांस्कृतिक उत्कृष्टता का बेहतरीन उदाहरण है। केंद्रीय मंत्री ने इस मौके पर कहा कि केंद्र की मोदी सरकार HMT जैसे भारत के औद्योगिक विरासत को पुनर्जीवित करने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है।
कंपनी का जोश हाई, खूब हो रही कमाई
गंडकभेरूंड सीरीज की घड़ियों की अभूतपूर्व सफलता से उत्साहित HMT कंपनी के अधिकारियों ने कहा कि शुरुआती चरण में उतारे गए स्टॉक के तुरंत खत्म होने के बाद अब उत्पादन बढ़ाने की योजना पर काम चल रहा है। आने वाले दिनों में और अधिक नए मॉडल्स के साथ प्रीमियम ऑटोमैटिक घड़ियाँ भी बाजार में उतारे जाने की तैयारी है, जिससे HMT के उन कद्रदानों को राहत मिलने की उम्मीद है जो इस बार लंबी कतारों के बावजूद खाली हाथ लौटने को मजबूर हुए थे।


Click it and Unblock the Notifications
