लोकसभा चुनाव से पहले BJP के इस सांसद ने पार्टी छोड़ी, कांग्रेस में हो सकते हैं शामिल
हिसार के बीजेपी सांसद बृजेंद्र सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने ये जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करके दी है। बृजेंद्र सिंह ने कहा कि मैंने राजनीतिक कारणों से भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
इसके साथ ही उन्होंने हिसार के सांसद के रूप में अवसर देने के लिए पार्टी के साथ पीएम मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अमित शाह को धन्यवाद दिया है। दिलचस्प बात ये है कि वे बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के तुरंत बाद बृजेंद्र सिंह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पहुंच गए हैं।

आपको बता दें कि बृजेंद्र सिंह किसान नेता सर छोटूराम के पड़नाती और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि चौधरी बीरेंद्र सिंह भी जल्द ही कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।
ताजा जानकारी के मुताबिक बृजेंद्र सिंह, पिता चौधरी बीरेंद्र सिंह के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर पहुंच चुके हैं।
बीरेंद्र सिंह 2014 में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए थे। इसके बाद उन्हें राज्यसभा का सदस्य बनाकर केंद्रीय मंत्री बनाया गया था। 2019 के लोकसभा चुनाव में बृजेंद्र सिंह को भाजपा ने हिसार लोकसभा सीट से टिकट दिया था और उन्होंने जीत हासिल की थी।
आपको बता दें कि दोनों पिता-पुत्र लगातार हरियाणा में भाजपा को जजपा से गठबंधन तोड़ने की वकालत कर रहे थे। जब बीजेपी ने ऐसा नहीं किया तो बीरेंद्र सिंह ने बीजेपी छोड़ने का ऐलान कर दिया। हालांकि अभी तक बीजेपी ने लोकसभा चुनाव को लेकर जेजेपी के साथ गठबंधन को लेकर कोई ऐलान नहीं किया है।
बृजेंद्र सिंह के इस्तीफे के बाद भाजपा की हरियाणा में सरकार की सहयोगी जजपा का रास्ता अब साफ हो गया है। भाजपा की टिकट को लेकर कोर कमेटी की एक बैठक रविवार देर शाम होने की संभावना है। इसमें भाजपा कुछ सीट पर प्रत्याशी घोषित कर सकती है। सूत्रों के अनुसार बृजेंद्र सिंह सीट को लेकर भी आश्वस्त नहीं थे।












Click it and Unblock the Notifications