पीएम मोदी, अमित शाह ने दी 'हिंदी दिवस' पर देशवासियों को शुभकामनाएं, कहा-देश की पहचान है भाषा
नई दिल्ली। आज पूरा देश 'हिंदी दिवस' मना रहा है, 26 जनवरी 1950 को संविधान की धारा 343 के तहत 14 सितंबर को 'हिंदी दिवस' के तौर पर मनाने का फैसला लिया था, इस खास मौके पर पीएम मोदी ने भारतवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस अवसर पर हिंदी के विकास में योगदान दे रहे सभी भाषाविदों को मेरा हार्दिक अभिनंदन।

तो वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि आज 'हिंदी दिवस' के अवसर पर मैं इसके सशक्तिकरण में योगदान देने वाले सभी महानुभावों को नमन करता हूं और देशवासियों से यह आवाहन भी करता हूं कि अपनी मातृभाषा के साथ-साथ हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग कर उनके संरक्षण और संवर्धन में अपना योगदान देने का संकल्प लें।
'हिंदी भारतीय संस्कृति का अटूट अंग है'
अमित शाह ने इस बारे में कई ट्वीट किए हैं, उन्होंने आगे लिखा है कि हिंदी भारतीय संस्कृति का अटूट अंग है। स्वतंत्रता संग्राम के समय से यह राष्ट्रीय एकता और अस्मिता का प्रभावी और शक्तिशाली माध्यम रही है। हिंदी की सबसे बड़ी शक्ति इसकी वैज्ञानिकता, मौलिकता और सरलता है। मोदी सरकार की नयी शिक्षा नीति से हिंदी व अन्य भारतीय भाषाओं का समांतर विकास होगा।
Recommended Video

शाह ने लिखा है कि एक देश की पहचान उसकी सीमा व भूगोल से होती है, लेकिन उसकी सबसे बड़ी पहचान उसकी भाषा है। भारत की विभिन्न भाषाएं और बोलियां उसकी शक्ति भी हैं और उसकी एकता का प्रतीक भी। सांस्कृतिक व भाषाई विविधता से भरे भारत में 'हिंदी' सदियों से पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरोने का काम कर रही है।
'हिंदी दिवस' समारोह का आयोजन नहीं किया जा रहा
आपको बता दें कि कोरोना वायरस के खतरे के कारण आज गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की ओर से 'हिंदी दिवस' समारोह का आयोजन नहीं किया जा रहा है, हालांकि 'हिंदी दिवस' पर दिए जाने वाले पुरस्कारों की घोषणा की जा चुकी है। मालूम हो कि अमित शाह को संसद सत्र शुरू होने से पहले शनिवार को संपूर्ण चिकित्सा जांच के लिए एम्स में भर्ती कराया गया था। इस संबंध में अस्पताल की ओर से रविवार को जानकारी दी गई।













Click it and Unblock the Notifications