'जब तक मोदी जी हैं, राहुल कभी PM नहीं बन सकते', कर्नाटक में कांग्रेस पर जमकर बरसे असम CM हिमंत सरमा
हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, ''कांग्रेस देश के अधिकांश राज्यो में नहीं है, ऐसा इसलिए है क्योंकि इसने कभी भी हमारी विकास, संस्कृति के लिए काम नहीं किया। यह हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति करती है।''

कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कमर कस ली है। कर्नाटक के शहर कनाकगिरी और कोप्पल में विजय संकल्प यात्रा में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि जब तक मोदी जी हैं, राहुल गांधी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे।
कनकगिरी में असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, ''हमें यहां भाजपा को सत्ता में लाना है। हमें अब बाबरी मस्जिद नहीं चाहिए, हमें राम जन्मभूमि चाहिए। राहुल गांधी ने लंदन में भारत को बदनाम करने की कोशिश की, लेकिन मैं उनको ये बताना चाहता हूं कि "जब तक मोदी जी हैं, आप कभी पीएम नहीं बन पाएंगे।''
हिमंत बिस्वा सरमा ने आगे कहा, ''हमें कर्नाटक में भाजपा सरकार लानी है। विधानसभा चुनाव सेमी फाइनल है। हमारा मुख्य उद्देश्य फाइनल में खेलना है और नरेंद्र मोदी को तीसरी बार पीएम के रूप में चुनना है। पीएम मोदी के नेतृत्व में, भारत 'अमृत काल' के दौरान विश्व गुरु बन जाएगा।''
हिमंत बिस्वा सरमा ने कोप्पल में विजय संकल्प यात्रा के दौरान कहा,'' पीएम मोदी कर्नाटक और भारत के विकास पर काम कर रहे हैं। जब वह लंदन या अमेरिका की यात्रा करते हैं, तो वह हमारे देश की प्रशंसा करते हैं, लेकिन जब राहुल गांधी लंदन गए, तो उन्होंने हमारी संसद को गाली दी।''
हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, ''वह (राहुल गांधी) 'भारत जोड़ो यात्रा' के लिए कर्नाटक आते हैं और लंदन में 'भारत तोड़ो' के बारे में बात करते हैं। जब वे कर्नाटक आए तो मैंने उनसे पूछा कि आज भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं लेकिन 1947 में भारत को किसने तोड़ा? आपके नाना ने किया है।''












Click it and Unblock the Notifications