सब्जी विक्रेता की राष्ट्रपति को चिट्ठी- मुझे बनाओ तिहाड़ का जल्लाद, निर्भया के दोषियों को दूंगा फांसी
राष्ट्रपति को चिट्ठी- मुझे बनाओ तिहाड़ा का जल्लाद, निर्भया के दोषियों को दूंगा फांसी
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के रहने वाले रवि कुमार नाम के शख्स ने राष्ट्रपति को चिट्ठी लिखकर तिहाड़ जेल के जल्लाद पद पर नियुक्त करने की मांग की है। कुमार ने कहा है कि वो 2012 में दिल्ली में हुए निर्भया गैंगरेप के दोषियों को फांसी देने के लिए ये पद चाहता है। इस तरह की खबरें सामने आई थीं कि तिहाड़ जेल में जल्लाद न होने चलते इन दोषियों की फांसी में देरी हो रही है, इसी पर रवि कुमार ने ये चिट्ठी लिखी है।

मुझे दिया जाए तिहाड़ जेल में जल्लाद का पद
रवि कुमार शिमला में सब्जी बेचते हैं। साथ ही वो आरटीआई कार्यकर्ता भी हैं। राष्ट्रपति को लिखी चिट्टी में उन्होंने कहा है कि उन्हें टीवी पर इस तरह की खबरें देखने को मिली हैं, जिनमें बताया गया है कि तिहाड़ जेल फांसी देने के लिए जल्लाद नहीं है। इसी वजह से निर्भया रेप के मामले में दोषियों को फांसी नहीं हो पा रही है। ऐसे में मैं इस पद पर अपनी नियुक्ति का आवेदन आपसे करता हूं।

'निर्भया की आत्मा को शांति के लिए करें ऐसा'
चिट्ठी में रवि कुमार ने लिखा है, निर्भया केस को पूरे सात साल गुजर गए हैं। निचली अदालत से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक ने इनको फांसी की सजा सुनाई है। एक तरफ पूरा देश निर्भया के दोषियों को फांसी चाहता है, तो तिहाड़ जेल प्रशासन के पास जल्लाद ही नहीं है। ऐसे में उन्हें तिहाड़ जेल में जल्लाद की नियुक्ति दी जाए, ताकि इंसाफ के लिए तरस रही निर्भया की आत्मा को शांति मिल सके।

चुनाव लड़ चुके हैं रवि कुमार
शिमला के रहने वाले रवि कुमार फल और सब्जी बेचते हैं। राजनीतिक रूप से भी वो सक्रिय हैं। 2012 के विधानसभा चुनावों में रवि कुमार शिमला ग्रामीण सीट से वीरभद्र सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में शिमला सीट से उन्होंने चुनाव लड़ा था। दोनों ही बार वो जमानत नहीं बचा सके।












Click it and Unblock the Notifications