हिमाचल प्रदेश में बड़ा हादसा, जीप खाई में गिरने से पांच की मौत
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के मंडी में बड़ा हादसा सामने आया है। यहां यात्रियों से भरी एक जीप गहरी खाई में गिर गई, जिसमे पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं। यह हादसा हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पधार क्षेत्र में हुआ है। हालांकि अभी तक इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है कि यह हादसा किस वजह से हुआ है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार मंडी जिला के पधर इलाके के फागनी गांव के पास एक बोलेरो जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। जिससे जीप में सवार पांच लोगों की मौत हो गई। बल्ह रोपा गांव के लोग सुबह सात बजे अपने घर टैक्सी के माध्यम से पधर के लिए निकले थे। लेकिन घर से कुछ ही दूरी पर ही यह हादसा हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व एम्बुलेंस सेवा को इसकी जानकारी दी। एम्बुलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मरने वालों में दो पुरूष और तीन महिलाएं बताई जा रही हैं। जबकि घायलों को पधर अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद जोनल हास्पिटल मंडी के लिए रैफर कर दिया गया है। डीएसपी पधर मदनकांत शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है और हादसे के कारणों का पता लगाने की काशिश की जा रही है।
इसे भी पढ़ें- पशु चोरों ने नहीं, बल्कि प्रॉपर्टी से बेदखल करने पर भतीजे ने मारी थी रतन सिंह को गोली