24 घंटों में कोरोना के 6977 नए केस, मरीजों की संख्या बढ़कर हुई 138845
कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में अभी तक की सबसे बड़ी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है...
नई दिल्ली। कोरोना वायरस की महामारी अब देश में भयानक रूप लेती जा रही है। सोमवार को कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में अभी तक की सबसे बड़ी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले महज 24 घंटों के भीतर कोरोना वायरस के 6977 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं, जिसके बाद मरीजों की संख्या बढ़कर 138845 हो गई है। इसके अलावा कोरोना वायरस के कारण 154 लोगों की जान पिछले 24 घंटों में जा चुकी है।
Recommended Video

फिलहाल एक्टिव केस 77103
स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि कोरोना वायरस के मरीजों में 57720 ठीक हो चुक हैं और फिलहाल एक्टिव केस 77103 हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण अभी तक 4021 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैला है। हालांकि संक्रमण रोकने के लिए देश में 31 मई तक के लिए लॉकडाउन का चौथा चरण लागू किया गया है, लेकिन कोरोना वायरस के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं।

दिल्ली में भी डरा रहे कोरोना वायरस के आंकड़े
आपको बता दें कि महाराष्ट्र, तमिलनाडु और गुजरात के बाद अब देश की राजधानी दिल्ली में भी कोरोना वायरस के आंकड़े डरा रहे हैं। दिल्ली में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 13 हजार का आंकड़ा पर कर चुकी है। कोरोना वायरस के बढ़ते केसों के बाद शनिवार को ही दिल्ली में 14 नए इलाकों को कंटेनमेंट जोन की सूची में शामिल किया गया है। इस तरह दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर अब 92 हो गई है।

दिल्ली में बढ़ रहे कंटेनमेंट जोन
21 मई को राजधानी में विकासपुरी, कांगनहेड़ी गांव, पालम कॉलोनी और साध नगर समेत दक्षिण पश्चिम दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में कोरोना वायरस के 39 नए केस सामने आए थे, जिसके बाद यहां 6 इलाकों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया। इसी तरह दिल्ली के 8 और इलाकों को भी कंटेनमेंट जोन में शामिल किया गया। आपको बता दें दो दिन पहले ही स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को मौजूदा दिशा-निर्देशों के मुताबिक अपने-अपने क्षेत्रों में इस तरह के जोन बनाने के लिए कहा है।












Click it and Unblock the Notifications